शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. वेबदुनिया सिटी
  2. »
  3. मध्यप्रदेश
  4. »
  5. देवास
Written By Naidunia
Last Modified: देवास , सोमवार, 2 जनवरी 2012 (01:16 IST)

पंज प्यारों का पुष्पवर्षा से स्वागत

पंज प्यारों का पुष्पवर्षा से स्वागत -
गुरु गोविंदसिंह के प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें शामिल पंज प्यारों का जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। इस हेतु विभिन्ना सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा शहर में मंच लगाए गए।


दोपहर में एबी रोड स्थित गुरुद्वारे से नगर कीर्तन प्रारंभ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। नगर कीर्तन में शामिल अखाड़ों के कलाकारों ने अपनी कला का अद्भुत व हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। छोटे बच्चों ने भी तलवारबाजी की कला से मोहित किया। नगर कीर्तन में शामिल भजन मंडलियों ने गुरु भक्ति से ओतप्रोत भजनों से वातावरण भक्तिमय कर दिया। नगर कीर्तन में शामिल पंज प्यारे आकर्षण का केंद्र रहे। उनके स्वागत में सड़कें फूलों से पट गईं। महापौर रेखा वर्मा ने नगर निगम कार्यालय के सामने पंज प्यारों का स्वागत किया। इस अवसर पर निगम एल्डरमैन सत्यनारायण माली, परवेज शेख, शैलेंद्रसिंह तोमर, सोफिया खान, अशोक देशमुख उपस्थित थे। इसी तरह देवास विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शरद पाचुनकर, मोहन देवलेकर, परमानंद द्विवेदी, माँगीलाल विजयवर्गीय, संतोष भाटी ने भी पंज प्यारों का स्वागत किया। इस दौरान अनुशासन की झलक भी देखने को मिली। पंज प्यारों के सम्मान में मार्ग की सफाई की गई। बाद में सड़कों को पानी से साफ किया गया।


अटूट लंगर हुआ

नगर कीर्तन से पूर्व गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहेब का आयोजन हुआ। इस दौरान रागी जत्थों द्वारा विशेष कीर्तन किया गया। दोपहर 12 बजे से अटूट लंगर प्रारंभ हुआ। इसमें कतारबद्ध बैठकर हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद नगर कीर्तन प्रारंभ हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ शाम को पुनः गुरुद्वारा पहुँचा। रात्रि में भी कीर्तन हुआ।