• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली (भाषा) , रविवार, 1 जून 2008 (12:32 IST)

भारतीय हॉकी को गिल से अभी भी खतरा

भारतीय हॉकी को गिल से अभी भी खतरा -
भारतीय हॉकी महासंघ की चयन समिति के अध्यक्ष असलम शेरखान ने कहा कि महासंघ के अध्यक्ष पद हटए जाने के बाद भी केपीएस गिल देश में हॉकी को नुकसान पहुँचाने में लगे हुए हैं।

असलम कहा कि यह तो सबको पता है कि गिल 14 साल तक भारतीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष रहे और उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि टीम 80 साल के इतिहास में पहली बार ओलिंपिक खेलों में क्वालीफाई नहीं कर पाई।

उन्होंने कहा कि 11 जून से पोलैंड में 19 वर्ष से कम उम्र के हॉकी खिलाड़ियों के लिए चार देशों की प्रतियोगिता होनी है और पद से हटाए जाने के बावजूद गिल ने पोलैंड में प्रतियोगिता के आयोजकों को एक पत्र भिजवा कर यह कह दिया कि भारतीय टीम इसमें कुछ कारणों से भाग नहीं ले सकेगी।

उन्होंने कहा कि पोलैंड में प्रतियोगिता के आयोजकों को शायद यह नहीं पता था कि गिल अब भारतीय हॉकी महासंघ अध्यक्ष नहीं हैं और उनके द्वारा भिजवाए गए किसी भी पत्र को महत्व देने का कोई भी अर्थ नहीं है।

असलम ने कहा कि गिल द्वारा भेजे गए इस पत्र के बाद प्रतियोगिता के आयोजकों ने भारत के स्थान पर इसमें ऑस्ट्रिया को ले लिया है।

उन्होंने कहा कि अगर इस समय प्रयास किए जाते तो भारत को शायद अभी भी इस प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलने सकता था लेकिन एक बार ऑस्ट्रिया को बुलाकर उसे वापस जाने के लिए कहना ठीक नहीं होता।

असलम ने कहा कि गिल ने इस मामले में इस बात का फायदा उठाया कि इस वर्ष 28 अप्रैल को उन्हें पद से हटाये जाने की खबर यूरोपीय देशों तक पहुँच नहीं पाई है।

उन्होंने कहा कि इस बात से सिर्फ यह पता चलता है कि गिल अभी भी देश में हॉकी को नुकसान पहुँचाने में कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते। असलम ने कहा कि अगर 19 वर्ष से कम के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले लेते तो यह भारत की हॉकी के भविष्य के लिए बहुत अच्छा होता।