• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. लोकसभा चुनाव 2014
  4. »
  5. समाचार
Written By WD
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 30 मार्च 2014 (09:30 IST)

लहर के बाद भी मोदी बहुमत से दूर...

लहर के बाद भी मोदी बहुमत से दूर... -
नई दिल्ली। एक चुनावी सर्वेक्षण के अनुसार उत्तर और पश्चिम भारत में लहर के बाद भी भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी बहुमत से दूर नजर आ रहे हैं।
FILE

एबीपी निल्सन के सर्वे के मुताबिक भाजपा को 209 सीटें मिलेंगी तो कांग्रेस 91 सीटों पर सिमट जाएगी। केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को केवल आठ ही सीटें मिलेगी।

सर्वेक्षण के अनुसार भाजपानीत राजग को पूर्वोत्तर में 39, उत्तर में 87, दक्षिण में 21 और पश्चिम में 86 सीटें मिलती दिखाई दे रही है। इस तरह उसे 233 सीटें प्राप्त होगी।

संप्रग को पूर्वोत्तर में 32, उत्तर में 27, दक्षिण में 35 और पश्चिम में 25 सीटें मिलती दिखाई दे रही है।
इस तरह कांग्रेस के नेतृत्व वाला यह गठबंधन मात्र 119 पर सिमट सकता है। सर्वे की अनुसार अन्य को 191 सीटें मिलेगी और सत्ता की चाबी उन्ही के पास होगी।

यहां हो जाएगा यूपीए का सूपड़ा साफ...


सर्व के अनुसार उत्तराखंड की पांच और हिमाचल की चार सीटों पर भाजपा की जीत होगी। इस तरह यहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। इतना ही नहीं हरियाणा की 12 में 11 सीटें भाजपा के खाते में आ सकती है तो झारखंड में भी 10 में से 9 सीटों पर भाजपा का कब्जा होगा।

गुजरात की 26 में से 21 और मध्यप्रदेश की 29 में से 23 पर भाजपा की जीत होगी। छत्तीसगढ़ में भी मोदी लहर स्पष्ट दिखाई दे रही है। राजस्थान में भी भाजपा 25 में से 20 सीटें जीत सकती है। पार्टी यहां की 9 सीटें जीत सकती है जबकि कांग्रेस को 2 ही सीटें प्राप्त होने की संभावना है। महाराष्ट में भी भाजपा-शिवसेना गठबंधन की लहर दिखाई दे रही है।

क्या यूपी-बिहार का दिल जीत पाएंगे मोदी...


सर्वे के अनुसार बिहार में मोदी का जलवा कम होता दिखाई दे रहा है। पिछले सर्वे के बाद से इनकी सीटों की संख्या में कमी आई है लेकिन इसके बावजूद यहां भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आ रही है। भाजपा और लोजपा को 21, कांग्रेस और आरजेडी को 12, जेडीयू को 6 तो अन्य को एक सीट मिलने की संभावना है।

मोदी के सहारे उत्तर प्रदेश में भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरेगी। हालांकि यहां भी पिछले सर्वे के मुकाबले इस बार मोदी की लहर कुछ कम हो रही है। यहां भाजपा को 38, बसपा को 17, कांग्रेस और उसके गठबंधन दल को 11, एसपी को 12 और अन्य को दो सीटें मिल सकती हैं।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है टीएमसी को 28, लेफ्ट को 10, कांग्रेस को 3 तो बीजेपी को एक सीट मिलने की संभावना है।

यहां नहीं है मोदी की लहर...


सर्वे के अनुसार दक्षिण भारत में मोदी की लहर ‍नहीं दिखाई दे रही है। यहां जयललिता, जगन रेड्डी और चंद्र बाबू नायडू का जलवा है। हालांकि जयललिता और नायडू पहले राजग का हिस्सा रहे हैं पर इस बार उनकी भाजपा से अभी तक कोई सेटिंग नहीं हुई है।

यहां की 134 सीटों में यूपीए को 35 एनडीए को 21, लेफ्ट को 9 और अन्य को 69 सीटें मिल सकती हैं। अन्य में जयललिता की अन्नाद्रमुक को 21, जगन रेड्डी की वायएसआर कांग्रेस को 17 और नायडू की टीडीपी को 52 सीटे मिलने की संभावना है।