• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
  6. भारत शीर्ष तीन निवेश पसंद देशों में-शर्मा
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 8 जनवरी 2010 (19:52 IST)

भारत शीर्ष तीन निवेश पसंद देशों में-शर्मा

India in good list of investors-Anand Sharma | भारत शीर्ष तीन निवेश पसंद देशों में-शर्मा
FILE
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने प्रवासी भारतीयों को देश के निवेश अनुकूल माहौल की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि दुनिया में छाई आर्थिक मंदी के बावजूद भारत दुनिया के तीन शीर्ष निवेश पसंद देशों में शामिल है।

शर्मा ने आठवें प्रवासी भारतीय सम्मेलन में कहा कि आर्थिक मंदी के बावजूद कई क्षेत्रों में भारत ने विकास दर 20 फीसदी से अधिक बनाए रखी है। हालिया समय में दुनिया के व्यापार जगत में हुए बड़े विलय और अधिग्रहणों में भारतीय कंपनियाँ शामिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि आर्थिक मंदी के बावजूद देश एक आकर्षक पड़ाव बना हुआ है। भारत ने काफी विदेशी प्रत्यक्ष निवेश और विदेशी संस्थागत निवेश आकर्षित किया है। आज भारत की गिनती चीन और अमेरिका के बाद तीसरे निवेश पसंद देश के रूप में होती है।

शर्मा ने कहा कि लेकिन एक हालिया जापानी अध्ययन ने निवेश के पसंदीदा स्थानों की फेहरिस्त में भारत को अमेरिका से भी उपर दूसरी पायदान पर रखा है। लेकिन हमें दूसरी या तीसरी पायदान से फर्क नहीं पड़ता। हम विश्व अर्थव्यवस्था में हमारी मौजूदा स्थिति को बनाये रखने के लिये प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि देश की अर्थव्यवस्था तरक्की करे और देश की आर्थिक नीतियों पर दुनिया गौर करे। उन्होंने कहा कि आज जी-आठ देशों के समूह का स्थान जी-20 ले चुका है और इसमें भारत की भी अहम भूमिका रही है।

शर्मा ने कहा कि देश के सर्वोच्च शैक्षणिक संस्थानों से शिक्षा ग्रहण कर चुके प्रवासी भारतीयों ने दूसरे देशों में जाकर अपना योगदान दिया है। उन्होंने प्रवासियों से आह्वान किया कि वे अब वापसी के बारे में सोचें।

शर्मा ने कहा कि भारत में नये शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना के साथ एक ई क्रांति लई जा रही है। भारत में और दुनिया में आने वाले समय में दक्ष लोगों की कमी होगी। इसी कमी को दूर करने में प्रवासी भारतीय योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि हर साल होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन के जरिये हमें भारत के शैक्षणिक संस्थानों या विश्वविद्यालयों के बारे में प्रवासियों के विचार जानने का मौका मिलता है। (भाषा)