• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

होटल हुए सस्ते, कमरों के किराए में गिरावट

होटल हुए सस्ते, कमरों के किराए में गिरावट -
मंदी की मार के चलते पिछले साल पूरी दुनिया में यात्रियों का आवागमन कम रहने से होटल सस्ते हुए हैं। वैश्विक स्तर पर होटल कमरों के किराए में पिछले साल औसतन 14 प्रतिशत गिरावट आई। एक सर्वे में यह जानकारी दी गई है।

दुनिया भर में होटल सुविधा के प्रदाता होटल डॉटकॉम के अनुसार पिछले साल होटल कमरों की बुकिंग सस्ती हुई है और इसमें और गिरावट आ सकती है। इसमें कहा गया है कि वर्ष 2010 यात्रियों के लिए एक और अच्छा वर्ष साबित हो सकता है। होटल प्राइस इंडेक्स नामक इस सर्वे में कहा गया है कि होटल कमरों का औसत किराया वर्ष 2008 के मुकाबले पिछले वर्ष 14 प्रतिशत कम रहा।

सर्वे में कहा गया है कि लैटिन अमेरिका के लोगों ने होटल कमरों पर सबसे कम खर्च किया है जिसके बाद एशिया, अमेरिका और यूरोप का स्थान आता है।

वास्तव में दुनिया भर में होटल कमरों का औसत किराया वर्ष 2004 के मुकाबले वर्ष 2009 में कहीं सस्ता था। तथापि वर्ष 2009 के अंत में इसमें आने वाली गिरावट कुछ धीमी पड़ गई। (भाषा)