• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: काठमांडू , शुक्रवार, 18 अप्रैल 2014 (17:47 IST)

एवरेस्ट पर हिमस्खलन, 13 लोगों की मौत

एवरेस्ट पर हिमस्खलन, 13 लोगों की मौत -
FILE
काठमांडू। माउंट एवरेस्ट पर शुक्रवार को जबर्दस्त हिमस्खलन में कम से कम 13 नेपाली शेरपा गाइडों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इसे दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पर्वतारोहण की सबसे खतरनाक दुर्घटनाओं में एक बताया जा रहा है।

नेपाल के पर्यटन मंत्रालय के पर्वतारोहण प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 13 शव बरामद कर लिए गए हैं और इन्हें आधार शिविर लाया गया है। 3 अन्य घायलों को काठमांडू ले जाया गया है। कम से कम 7 पर्वतारोही अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

नेपाल के पर्यटन मंत्रालय के पर्वतारोहण प्रकोष्ठ के अधिकारी तिलक पांडे ने बताया कि हिमस्खलन की चपेट में नेपाली शेरपा गाइड और पर्वतारोही आ गए, जो एवरेस्ट स्थित आधार शिविर से कैम्प की ओर बढ़ रहे थे।

उन्होंने कहा कि ‘अल्पाइन एसेंट’ और ‘समिट नेपाल’ समेत 6 विभिन्न अभियान के करीब 15 पर्वतारोही थे, जो हिमस्खलन में बह गए। करीब 100 शेरपा गाइड और पर्वतारोही हिमस्खलन के स्थान पर फंसे हुए हैं।

नेपाल के पर्यटन विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि कुछ लापता पर्वतारोहियों को बचा लिया गया है लेकिन कुछ अब भी लापता बताए जा रहे हैं। (भाषा)