1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार

प्रयोगशाला में शुक्राणु

ब्रिटेन वैज्ञानिक
ब्रिटेन में न्यूकासल विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में मानव शुक्राणु बनाने का दावा किया है। वैज्ञानिकों का मानना है कि दुनिया में पहली बार हुए इस प्रयोग की सफलता से पुरुषों में बंध्यता या बाप नहीं बन पाने की समस्या को दूर करने में मदद मिल सकती है।

BBC
न्यूकासल विश्वविद्यालय और नॉर्थईस्ट स्टेम सेल इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में स्पर्म या शुक्राणु विकसित करने के अपने सफल प्रयोग की रिपोर्ट विज्ञान पत्रिका 'स्टेम सेल एंड डेवलपमेंट' में प्रकाशित की है।

इस क्षेत्र से जुड़े कई अन्य वैज्ञानिकों को इस बात पर संदेह है कि पूरी तरह से विकसित शुक्राणुओं को प्रयोगशाला में पैदा किया गया है, लेकिन न्यूकासल के वैज्ञानिकों ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उनके द्वारा बनाए गए शुक्राणु पूरी तरह विकसित और गतिशील हैं।

*आखिर प्रयोगशाला में शुक्राणु विकसित करने के इस प्रयोग से क्या फायदा होगा?

इस सवाल के जवाब में न्यूकासल विश्वविद्यालय के प्रयोग से जुड़े वैज्ञानिक प्रोफेसर करीम नेयर्निया ने बीबीसी को बताया कि इस तकनीक के जरिए हम पुरुषों की बंध्यता की समस्या को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे, क्योंकि प्रयोगशाला में हम शुक्राणुओं के विकास के अलग-अलग चरणों का अध्ययन कर सकते हैं। इससे हमें शुक्राणुओं के आनुवंशिक प्रभाव या उन पर पड़ने वाले पर्यावरणीय जैसे बाह्य प्रभावों का भी अध्ययन करने का मौका मिलता है।

गर्भधारण में इस्तेमाल:
जब उनसे ये पूछा गया कि क्या प्रयोगशाला में विकसित शुक्राणुओं का गर्भ धारण कराने में इस्तेमाल किया जा सकता है, तो उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में इसकी अनुमति नहीं हैं। कानूनन इस पर पाबंदी है। इन शुक्राणुओं का आगे कोई उपयोग हो सके इसके लिए जरूरी है कि पहले उन भ्रूणों की गारंटी दी जाए जिनसे स्टेम कोशिकाएँ लेकर शुक्राणु बनाए जाने हों।

प्रोफेसर नेयर्निया के अनुसार, 'उसके बाद प्रयोगशाला को आगे के प्रयोगों के लिए सुरक्षित करना होगा। इसके बाद भी पहले जानवरों के शुक्राणुओं के साथ कोई प्रयोग हो सकेगा। उसके पाँच से सात साल बाद ही मानव से जुड़े किसी प्रयोग पर काम किया जा सकेगा।'

उनका कहना है कि उनकी टीम को किसी मादा भ्रूण से शुक्राणु विकसित करने में अभी सफलता नहीं मिली है, लेकिन सिद्धान्तत: ऐसा करना संभव है।

जब उनसे उनके प्रयोग से जुड़े नैतिक सवालों के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि ये चिंता करना कि हमारा उद्देश्य इन शुक्राणुओं के इस्तेमाल से बच्चे पैदा करने का है, गलत है। ये ठीक नहीं है। हम जो कर रहे हैं वो दरअसल पुरुषों में बंध्यता की समस्या को समझने की, शुक्राणुओं के विकास को समझने की कोशिश है।

प्रोफेसर नेयर्निया के अनुसार, 'ये नैसर्गिक मानव प्रजनन का विकल्प नहीं, बल्कि बाप बनने में नाकाम पुरुषों की सहायता और समर्थन में एक कार्यक्रम भर है।'

लेकिन उनके इस आश्वासन का ज्यादा असर दिखता लग नहीं रहा है। कई अखबारों में सनसनीखेज सुर्खियाँ लगी हैं कि बच्चे पैदा करने के लिए अब पुरुषों की जरूरत नहीं रह जाएगी।

वहीं कोरइथिक्स नामक एक संस्था ने इस प्रयोग को अनैतिक पागलपन की संज्ञा देते हुए सवाल किया है कि प्रयोगशाला में शुक्राणु विकसित करने के चक्कर में एक स्वस्थ भ्रूण को नष्ट करने को कैसे उचित ठहराया जा सकता है।

शुक्राणु बनाने की प्रक्रिया:
*एक नर भ्रूण से स्टेम कोशिकाएँ निकाली गईं। स्टेम कोशिकाएँ यानि नवविकसित भ्रूण में पाई जाने वाली वो मास्टर कोशिकाएँ जो कि आगे चल कर शरीर के किसी भी अंग का रूप ले सकती हैं।

*इन स्टेम कोशिकाओं को शरीर के तापमान पर लाकर उसे एक ऐसे रासायनिक घोल में डाला गया जहाँ कि कोशिकाओं में वृद्धि हो सके।

*इन स्टेम कोशिकाओं से बाद में 'जर्मलाइन' स्टेम सेल नामक कोशिकाओं को अलग किया गया। उल्लेखनीय है कि 'जर्मलाइन' स्टेम कोशिकाएँ ही आगे चल कर अंडाणु या शुक्राणु का रूप लेती हैं।

*अब इन 'जर्मलाइन' कोशिकाओं को 'मियोसिस' प्रक्रिया से गुजारा गया। क्रोमोजोम की संख्या आधी करने वाली ये प्रक्रिया शुक्राणुओं के विकास के लिए जरूरी होती है।

*इस तरह स्टेम कोशिकाओं को शुक्राणुओं में बदलने में चार से छह हफ्ते का समय लगता है।
लेखक के बारे में
BBC Hindi