1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi
Last Modified: बुधवार, 1 जुलाई 2009 (18:32 IST)

बिना जेब की पतलून पहनना जरूरी है!

नेपाल
नेपाल की राजधानी काठमांडू में मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में काम कर रहे कर्मचारियों को ऐसी पतलून पहनना होगी, जिसकी कोई जेब नहीं होगी। कर्मचारियों को बिना पॉकेट वाली पतलून दी जा रही हैं, ताकि हवाई अड्डे से भ्रष्टाचार खत्म किया जा सके।

BBC
देश के भ्रष्टाचार निरोधक आयोग का कहना है कि काठमांडू के त्रिभुवन हवाई अड्डे पर घूसखोरी की शिकायतों में इजाफा देखा गया है। एक प्रवक्ता का कहना था कि हवाई अड्डे के कर्मचारियों को बिना पॉकेट की पतलून देने से अधिकारियों को अनियमितताएँ रोकने में मदद मिलेगी।

शिकायतों को सही पाया: समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार ये कदम प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल के उस बयान के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भ्रष्टाचार से हवाई अड्डे की छवि धूमिल हो रही है।

अधिकार के गलत इस्तेमाल की जाँच करने वाले आयोग का कहना है कि उसने यात्रियों के प्रति हवाई अड्डे के अधिकारियों और कर्मचारियों के आचरण पर मिल रही शिकायतों का निरीक्षण करने के लिए एक टीम भेजी थी।

आयोग के प्रवक्ता ईश्वरी पोद्याल का कहना है हमने पाया कि शिकायतें सही हैं, इसलिए फैसला किया कि हवाई अड्डे के अधिकारियों को बिना पॉकेट की पतलून दी जाएँ। हमें आशा है कि इससे अनियमितताओं को रोकने में मदद मिलेगी।
लेखक के बारे में
BBC Hindi