फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी इस साल के अंत तक घर बसाने की सोच रही हैं। बीबीसी को दिए इंटरव्यू में शिल्पा शेट्टी ने कहा कि अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो इस साल के अंत तक वे अपने ब्वॉयफ्रेंड और ब्रिटेन में रहने वाले बिजनेसमैन राज कुंद्रा से शादी कर लेंगी। वैसे शिल्पा का नया शगल क्रिकेट आजकल उन्हें खूब भा रहा है। वे उसका आनंद भी जमकर ले रही हैं। दक्षिण अफ्रीका में खेले गए आईपीएल-2 के दौरान उन्होंने बल्ला भी संभाला और गेंदबाजी भी की। क्रिकेट का बुखार : शिल्पा ने बताया कि उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वॉर्न ने उन्हें स्पिन गेंदबाजी करना और ग्रैम स्मिथ ने उन्हें बल्लेबाजी करना सिखाया। पिछली बार आईपीएल का खिताब अपने नाम करने वाले राजस्थान रॉयल्स के इस बार खिताब न बचा पाने का शिल्पा को बहुत अफसोस है। उनका मानना है कि सोहैल तनवीर जैसे गेंदबाज और शेन वॉटसन जैसे बल्लेबाज के न होने से उनकी टीम खिताब बचा पाने में सफल नहीं हो पाई। पहचान मिली : शिल्पा का मानना है कि ब्रिटेन में 'चैनल फोर'पर प्रसारित रियलिटी शो 'बिग ब्रदर' जीतने के बाद ब्रिटेन के आम लोग भी उन्हें जानने-पहचाने लगे, उससे पहले केवल ब्रितानी एशियाई लोग ही उन्हें वहाँ जानते थे। उन्होंने कहा कि इस जीत के बाद भारत के लोग भी उन पर गर्व करने लगे कि पहली बार किसी भारतीय के नाम और चेहरे को इंग्लैंड में इतनी पहचान मिली। ये पूछे जाने पर कि क्या वह भारत से आकर अब इंग्लैंड में बसने की सोच रही हैं तो इस पर उनका कहना था, "मैं लंदन तो अकसर आती रहती हूँ, मगर भारत में अपनी जड़ें छोड़कर यहाँ आना बहुत ही मुश्किल है। मैं आज जो हूँ, वो भारत में ही बनी। मुंबई मेरा पहला घर है।" ... मगर साथ ही शिल्पा ने लंदन से अपने जुड़ाव का भी जिक्र किया, "इंग्लैंड से मुझे बहुत कुछ मिला है। राज भी मुझे यहीं मिले। अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो साल के अंत तक मैं उनसे शादी कर लूँगी। वे एक बहुत ही बेहतरीन व्यक्ति हैं।" सीख : शिल्पा को लगता है कि दुनिया में तेजी से फैल रहे एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों को और जागरूक करने की जरूरत है। खासकर भारत जैसे देश में, जो इससे प्रभावित दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है। एचआईवी/एड्स पर आधारित फिल्म 'फिर मिलेंगे' में शिल्पा शेट्टी ने सलमान खान और अभिषेक बच्चन के साथ काम किया था। वे मानती हैं कि इस फिल्म में काम करने से वे इसके बारे में कुछ जान पाईं और इसे एचआईवी/एड्स के बारे में जागरूकता फैलाने में अपना छोटा सा योगदान मानती हैं। अब तक 54 फिल्मों में काम कर चुकीं शिल्पा ने बताया कि खुद को फिट और चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए वे योग का सहारा लेती हैं।वे मानती हैं कि रियलिटी शो में लोगों पर दबाव तो होता है, मगर ये लोगों के ऊपर भी होता है कि वे कितना दबाव झेल सकते हैं और अगर नहीं झेल सकते तो आप वापस भी हो सकते हैं। |