क्रिकेटरों और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की हीरोइनों के बीच रिश्ते कोई नई बात नहीं। गाहे-बगाहे ये बातें आती रहती हैं। कई बार इनमें सच्चाई भी होती है और कई बार सिर्फ अफवाह, लेकिन जब हीरो माफ कीजिए, क्रिकेटर सीमा पार यानी पाकिस्तान का हो और हीरोइन भारत की हो, तो मामला कुछ अलग तो हो ही जाता है।
BBC
पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक इन दिनों मीडिया के सामने यह स्पष्टीकरण देते नहीं थक रहे हैं कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की हीरोइन सयाली भगत सिर्फउनकी दोस्त है, इससे ज्यादा कुछ नहीं।
अब असल जिंदगी में दोनों के बीच रोमांस है या नहीं, यह तो पता नहीं, लेकिन जल्द ही दोनों पर्दे पर रोमांस करते दिख सकते हैं। शोएब ने बताया वे पूर्व मिस इंडिया सयाली भगत के साथ एक फिल्म में काम करने पर गंभीरता से सोच रहे हैं।
पाकिस्तानी अखबार 'जंग' के मुताबिक शोएब मलिक ने यह स्वीकार किया है कि वे इस फिल्म में काम करने का प्रस्ताव स्वीकार करने की सोच रहे हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि इस फिल्म में उन्हें एक क्रिकेटर की भूमिका मिली है और असल जिंदगी में भी वे यही काम कर रहे हैं।
अखबार के मुताबिक शोएब मलिक ने कहा मुझे जो प्रस्ताव मिला है, वह काफी अच्छा है। मैं इस पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रहा हूँ, लेकिन अभी कई चीजें तय होना है।
इनकार : ...लेकिन शोएब ने इससे इनकार किया कि सयाली भगत से अपनी दोस्ती के कारण वे अपने क्रिकेट करियर की बजाए फिल्म करियर पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा क्रिकेट मेरी रोजी-रोटी और मेरा शौक है। मेरा ध्यान पूरी तरह क्रिकेट पर ही है और मैं इस क्षेत्र में और सफलता हासिल करना चाहता हूँ।
BBC
फिल्म का निर्देशन करेंगे विल्सन लुईस। फिल्म एक क्रिकेटर और एक मॉडल की प्रेम कहानी पर आधारित है। सब कुछ ठीक रहा तो असल ज़िंदगी का क्रिकेटर शोएब मलिक और असल जिंदगी की मॉडल सयाली भगत इस फिल्म में प्रमुख भूमिका निभाएँगे।
शोएब पहले भी कई बार सयाली से अपने रिश्तों पर स्पष्टीकरण दे चुके हैं। अखबार से बातचीत में उन्होंने फिर कहा कि वे और सयाली सिर्फ अच्छे दोस्त हैं।
हाल ही में उन्होंने एक और हिंदी फिल्म विक्ट्री की शूटिंग में हिस्सा लिया था। दक्षिण अफ्रीका में हुई इस फिल्म की शूटिंग में शोएब पाकिस्तानी टीम के अपने कुछ साथियों के साथ शामिल हुए थे।