आज के जाने-माने संगीतकार प्रीतम के लिए इससे अच्छा क्या हो सकता है। फिल्म जब वी मेट के बाद वे करीना को अपने लिए काफी भाग्यशाली मानने लगे हैं।
इसे साबित करने के लिए प्रीतम ने प्रियदर्शन की फिल्म बिल्लू बादशाह के लिए एक आइटम गाने का संगीत दिया है। ठीक ही ठीक है...नाम के इस गाने पर थिरकेंगी उनके लिए भाग्यशाली बन चुकीं करीना कपूर।
डॉन में ये मेरा दिल पर शाहरुख के साथ नाचने वाली करीना कपूर अब दूसरी बार इस आइटम सांग में शाहरुख के साथ थिरकेंगी। लेकिन संगीतकार प्रीतम का कहना है कि डॉन का गाना तो री-मिक्स था जबकि ये गाना उन्होंने खास तौर पर तैयार किया है।
प्रीतम ने हाल ही में मणिरत्नम की फिल्म मुखबिर के लिए एक गाना कंपोज किया है, जिसकी काफ़ी चर्चा है। जल्द ही ये गाना समीर दत्तानी पर फिल्माया जाना है।
भाग्यशाली बप्पी : आपको फिल्म आपकी खातिर का गाना बंबई से आया मेरा दोस्त दोस्त को सलाम करो...तो याद होगा ही। 20 साल बाद बप्पी दा ने इस गाने को अपनी आवाज में री-मिक्स किया है।
दरअसल आजकल संगीतकार बप्पी से ज्यादा लोकप्रिय हैं गायक बप्पी। हाल ही में बप्पी दा ने विशाल शेखर के लिए मुंबई नगरिया...और एआर रहमान के लिए एक लो एक मुफ्त गाया है।
इस बारे में बप्पी दा कहते हैं- सब भाग्य है। मेरे पिता अपरेश लाहिड़ी अपने समय के जाने-माने संगीतकार थे। अब मेरे बेटा बप्पा भी संगीत दे रहा है। इस तरह लाहिड़ी परिवार की तीन पीढ़ी संगीत दे रही हैं।
बप्पी दा का कहना है कि लता मंगेशकर ने पहले उनके पिताजी के लिए गाना गाया था, फिर उनके लिए और हो सकता है कि वो अब उनके बेटे के लिए भी गाना गाएँ...
बिग बी फिर घायल : अमिताभ बच्चन के बुरे दिन और मुझमें एक खास किस्म का रिश्ता है। अब आप पूछेंगे कैसे? दरअसल दिसंबर 2005 में जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था , उस दिन सुबह में बिग बी मुझसे ही बात कर रहे थे।
उस दिन फोन पर बातचीत के दौरान अमिताभ ये दिखाने की कोशिश कर रहे थे कि सब कुछ ठीक है। बाद में अभिषेक ने मुझे बताया कि अमिताभ बच्चन अस्पताल से मुझसे बात कर रहे थे।
इस सप्ताह भी कुछ ऐसा ही हुआ। अमिताभ बच्चन मुझे ऐसे बात कर रहे थे, जैसे सब कुछ सामान्य हो, लेकिन सच्चाई यही थी कि फिल्म अलादीन की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन करते समय उन्हें चोट लगी थी।
उन्हें काफी दर्द था, लेकिन बातचीत में उन्होंने कोशिश की कि ऐसा कुछ नहीं है। लेकिन उन्हें फिर अस्पताल जाकर टेस्ट कराने के लिए मना लिया गया। लेकिन क्या बिग बी कभी सुनेंगे?
अनुपम की छुट्टी : अनुपम खेर ने अपनी आने वाली कॉमेडी फिल्म 'भट्टी की छुट्टी' की करीब-करीब सारी शूटिंग लंदन में की। लेकिन फिल्म का एक हिस्सा अभी पूरा नहीं हुआ था।
अनुपम के मुताबिक फिल्म के एक हिस्से में वे अपने आदर्श अमिताभ बच्चन से मिलते हैं। अनुपम बताते हैं- मैं और मेरे निर्देशक करण राजदान अमिताभ बच्चन से डेट्स लेने की कोशिश कर रहे थे।
पिछले सप्ताह अमिताभ बच्चन ने शूटिंग की और अनुपम के शब्दों में ये अनुभव काफी अच्छा था। अनुपम खेर की पत्नी किरण खेर और जया बच्चन काफी अच्छी दोस्त हैं।
किरण खेर के बेटे सिकंदर को बच्चन परिवार में बेटे जैसा दर्जा हासिल है। जल्द ही सिकंदर अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले हैं।
|