1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi

जनता से दिल का संबंध है-सिंधिया

ब‍ीबीसी 'एक मुलाकात' कार्यक्रम में ज्योतिरादित्य सिंधिया

ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस सांसद
BBCBBC
कांग्रेस के युवा सांसद और पूर्व ग्वालियर रियासत के 'श्रीमंत' ज्योतिरादित्य सिंधिया राजशाही की बात से असहमति जताते हुए कहते हैं ‍कि आज हम लोकतांत्रिक भारत में रह रहे हैं और ये पुराने समय की बातें हैं। अपने समर्थकों में श्रीमंत और महाराज के नाम से लोकप्रिय सिंधिया कहते हैं कि ये बात जरूर है कि मेरे पूज्य पिता और दादीजी ने क्षेत्र की जनता के साथ एक आत्मीय संबंध स्थापित किया है। ये संबंध दिल का है।

मेरे पिताजी के बारे में कहा जाता था कि वे दिमाग से नहीं दिल से निर्णय लेते थे। ये परंपरा या धरोहर उन्हें क्षेत्र की जनता के साथ बनाए संबंधों की वजह से मिली थी। मैं भी उसी परंपरा का पालन कर रहा हूँ।

परवरिश : जिस तरह की परवरिश का तरीका और दोस्ताना रवैया मेरे पिताजी ने रखा वह बहुत बढि़या था। अपनी परवरिश के दौरान जो खास बात मुझे नजर आई, वो ये थी कि वे हमारे साथ बिताए समय की गुणवत्ता पर अधिक ध्यान देते थे। वे इस पर कम ध्यान देते थे कि कितना अधिक समय उन्होंने हमारे साथ गुजारा।

कुछ बातों से वे कभी समझौता नहीं करते थे। वे हमें साल में एक बार जरूर घुमाने ले जाते थे। शाम का खाना साथ खाते थे। दिनचर्या में भी हमारे साथ एक-आधा घंटा जरूर बिताते थे। अगर इतना सब कुछ मैं अपने बच्चों के साथ कर सका तो बढ़िया होगा।

शिक्षा : पिताजी चाहते थे कि मैं इंग्लैंड जाऊँ, लेकिन मैं अमेरिका जाना चाहता था। मैंने हार्वर्ड से स्नातक किया। उसके बाद नौकरी की और फिर स्टैनफोर्ड से बिजनेस की पढ़ाई की। हार्वर्ड में ही कैम्पस से मैंने साक्षात्कार दिया और नौकरी शुरू की। पहले न्यूयॉर्क, फिर हांगकांग और उसके बाद बॉंम्बे।

पत्नी से पहली मुलाकात : सबसे पहले मैं उनसे मुंबई में मिला। मैं हार्वर्ड से लौटा था। रात के खाने पर मेरा और उनका परिवार मुंबई में मिला। मेरी और प्रियदर्शिनी की बातचीत हुई। आगे का फैसला हम दोनों पर छोड़ दिया गया। तीन साल बाद 1994 के नवंबर महीने में हमारी शादी हुई।

भारत के बारे में : भारत में आर्थिक ताकत और आध्यात्मिक ताकत के रूप में उभरने की अपार क्षमता है। स्वामी विवेकानंद ने भारत को एक आध्यात्मिक ताकत बनाने का सपना देखा था। भारत में आर्थिक और आध्यात्मिक शक्ति के समन्वय के रूप में उभरने की अभूतपूर्व क्षमता है। मुझे लगता है कि हमारे देश में ये सारी क्षमताएँ मौजूद हैं।

किनसे प्रभावित हैं : अलग-अलग देशों में जो नेतृत्व उभरा है, जो अपने देश में बड़ा परिवर्तन लाया है, अपने देश के गरीबों के जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया है, मुझे उन सबका व्यक्तित्व प्रभावित करता है।

चाहे वे राजीव गाँधी हों, बिल क्लिंटन हों, टोनी ब्लेयर हों, गोर्बाचोफ हों या नेल्सन मंडेला। सिर्फ राजनीतिक क्षेत्र में नहीं, अन्य क्षेत्रों जैसे खेल और व्यापार के क्षेत्र में ऐसे कई लोग हैं, जो अच्छा कर रहे हैं और आदर्श बन रहे हैं।
लेखक के बारे में
BBC Hindi