बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. »
  3. ज्योतिष
  4. »
  5. आलेख
Written By WD

वृषभ के लिए कर्क का शनि भाग्यवर्धक

वृषभ के लिए कर्क का शनि भाग्यवर्धक -
- पं. अशोक पंवार 'मयंक'

WDWD
जन्म कुंडली में गोचर ग्रहों का विशेष महत्व होता है। कभी-कभी गोचरीय ग्रह जातक को एकदम उन्नति देते हैं तो कभी अवनति भी देते हैं। जब-जब जन्मकुंडली में गोचरीय ग्रहों की स्थिति उत्तम स्थानों पर दृष्टि डालते हैं तो उसका शुभ परिणाम मिलता है। वर्तमान में शनि का गोचरीय भ्रमण कर्क में 6 सितंबर को आएगा। उसकी दृष्टि तृतीय कन्या पर मित्र दृष्टि, सप्तम दृष्टि स्वराशि मकर पर व दशम दृष्टि मेष पर पड़ेगी। प्रथम दो दृष्टि शुभ रहेगी एवं अंतिम दृष्टि अशुभ रहेगी। शनि का अशुभ प्रभाव कम करने हेतु अपने ऊपर से सवा पाव काले उड़द सात बार उतारकर शनिवार को ही काले कपड़े में गड्ढे में शाम को गाड़ दें।

मेष - शत्रु वर्ग प्रभावहीन होंगे। वातरोग या पैरों में तकलीफ रहने की आशंका है। मामा पक्ष से सहयोग मिल सकता है। व्यापार-व्यवसाय में उन्नति होगी। बेरोजगार रोजगार पाएँगे। अधिकारी वर्ग प्रभावशील होंगे। पिता के स्वास्थ्य में सुधार होगा। राजनीतिज्ञ भी लाभ पाएँगे। स्वयं को सावधानी व सतर्कता का भी संकेत देता है। आसमानी रंग शुभ रहेगा। सरसों का तेल दान करें।

वृषभ - संतान पक्ष के कार्य बनेंगे। भाग्योन्नति तथा मान-प्रतिष्ठा में यथेष्ट वृद्धि होगी। शत्रु वर्ग प्रभावहीन होंगे। व्यापार-व्यवसाय में समय अनुकूल रहेगा। बाहरी मामलों में या सम्पर्कों में सावधानी रखना होगी। लेनदेन से बचें। यात्रा संभलकर करें। शनि का शुभ फल अधिक रहेगा। कटैला अवश्य पहनें। शनिवार को काले उड़द के चार दाने पानी में डालकर स्नान करें।

मिथुन - पारिवारिक मामलों में अनुकूल वातावरण रहेगा। मकान-भूमि संबंधित कार्य बनेंगे। मातृपक्ष की ओर से संतोषजनक स्थिति रहेगी। जनता से संबंधित कार्य बनेंगे। लोहे से संबंधित कार्य में लाभ होगा। वात विकार, घुटनों में तकलीफ रह सकती है। आर्थिक मामलों में सावधानी बरतना होगी। शेयर, सट्टा आदि के कार्य में धन लगाने से बचना होगा। अशुभ फल मिले तो हीरा या जरकन पहनें।

कर्क - मित्रों, स्वजनों, भाइयों का सहयोग मिलेगा। शत्रु वर्ग पर प्रभाव बढ़ेगा। दांपत्य जीवन में मधुर वातावरण पाएँगे। अविवाहित दांपत्य सूत्र में बँधेंगे। दैनिक व्यवसाय में उन्नति होगी। राजकीय मामलों में सावधानी बरतें। नौकरीपेशा अधिकारी वर्ग से तालमेल बनाकर चलें। पिता के स्वास्थ्य में गड़बड़ी या दुःखद समाचार भी मिल सकता है। सवा पाव सरसों का तेल जल में बहाएँ।

सिंह - कुटुंब के व्यक्तियों का सहयोग मिलेगा। शत्रु वर्ग प्रभावहीन होंगे। मामा पक्ष से सहयोग पाएँगे। कर्ज हो तो उतरने की संभावना अधिक है। पशु धन से लाभ पाएँगे। भैंस पालें, लाभ होगा। पत्नी पक्ष का सहयोग मिलेगा। बाहरी मामलों में मिलीजुली स्थिति पाएँगे। भाग्य के मामलों में अवरोध, आय या कार्य में विलंब हो तो 5 कैरेट का मूँगा अवश्य पहनें, सफल होंगे।

कन्या - संतान पक्ष के मामलों में अनुकूल स्थिति रहेगी। वहीं विद्यार्थी वर्ग भी सुखद स्थिति पाएँगे। महत्वपूर्ण कार्य में सफलता मिलेगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। मनोरंजन के साधनों में वृद्धि होगी। वाहनादि सावधानी से चलाएँ। शेयर आदि के मामलों में सावधानी रखना होगी। महत्वपूर्ण परीक्षा आदि में थोड़ा अधिक ध्यान देकर चलना होगा।

तुला - बाहरी मित्रों का सहयोग मिलेगा। विदेश यात्रा के योग भी बन सकते हैं। पुरानी लेनदारी भी मिलेगी। संतान पक्ष के कार्य सफल होंगे। विद्यार्थी वर्ग भी अनुकूल स्थिति पाएँगे। मातृपक्ष में सुखद स्थिति पाएँगे। जनता से संबंधित कार्य होंगे। मकान, वाहनादि से लाभ होगा। तेल व्यापारी भी लाभ पाएँगे। नौकरीपेशा मिलीजुली स्थिति पाएँगे। शासकीय मामलों में सावधानी बरतें।

वृश्चिक - भाग्योन्नति में मिलीजुली स्थिति पाएँगे। धर्म-कर्म में कुछ अरुचि रह सकती है कोई भी कार्य में विलंब से सफलता मिलेगी। मित्रों, भाइयों का सहयोग लेकर चलें। संचार माध्यम से शुभ समाचार मिलेगा। शत्रु वर्ग नष्ट होंगे, लेकिन परेशान अवश्य होंगे। कोर्ट संबंधित मामलों में सावधानी रखना होगी। लेन-देन के मामलों में बचकर चलें। ननिहाल पक्ष से दुखद समाचार मिलेगा।

धनु - राजकीय पक्ष में सुधार पाएँगे। पिता का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य में मिलीजुली स्थिति पाएँगे। पैर में तकलीफ रह सकती है। कुटुंब का सहयोग मिलेगा। वाक्‍चातुर्य द्वारा अनुकूल स्थिति पाएँगे। संतान के मामलों में सावधानी बरतना होगी। विद्यार्थी वर्ग को अपनी पढ़ाई में अधिक ध्यान देना होगा। लेखन कार्य में सावधानी रखना होगी।

मकर - भाग्योन्नति में उन्नति पाएँगे। धर्म में साधारण स्थिति रहेगी। प्रभाव में यथेष्ट वृद्धि पाएँगे। पति पक्ष या पत्नी पक्ष में साधारण मिलीजुली स्थिति पाएँगे। दैनिक व्यापार-व्यवसाय में मध्यम स्थिति रहेगी। पारिवारिक चिंता का कोई न कोई कारण बनेगा। मकान आदि में मामलों में सावधानी बरतना होगी। राजनीतिज्ञ भी सावधानी बरतें। मातृ पक्ष से चिंता का कारण बनेगा। वाहनादि से सतर्क रहें।

कुंभ - शत्रु पक्ष प्रभावहीन होंगे। पुराना रुका कार्य भी बनेगा। कोर्ट-कचहरी से संबंधित कार्यों में सफलता पाएँगे। यात्रा का योग भी बन सकता है। बाहरी व्यक्तियों का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। स्थानांतरण या व्यापार हेतु बाहर जाना पड़ सकता है। मित्रों-भाइयों या साझेदारी के मामलों में सावधानी बरतना होगी। नवीन साझेदारी न ही करें तो उत्तम रहेगा।

मीन - संतान पक्ष के मामलों में मिलीजुली स्थिति रहेगी। विद्यार्थी वर्ग को पढ़ाई में थोड़ी मेहनत अधिक करना पड़ेगी। मनोरंजन के मामलों में खर्च होगा। आय के मामलों में समय सुखद रहेगा। बाहरी व्यक्तियों का संपर्क अनुकूल रहेगा। यात्रा के योग भी बन सकते हैं। पुराने रुके कार्य भी बनेंगे। किसी विशिष्ट व्यक्ति से सहयोग मिलेगा। कुटुंब के व्यक्तियों से नुकसान संभव है।

उपरोक्त शनि का फल प्रत्येक लग्न अनुसार है। वहीं इस अपनी जन्म राशि से भी तालमेल कर देख लें। यदि लग्न अनुसार उत्तम है व राशि अनुसार मध्यम या ठीक नहीं है तो शनि की शांति के उपाय करें। गायत्री मंत्र का सदैव स्मरण कर लाभ पाया जा सकता है।