1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. नायिका
  4. »
  5. आलेख
  6. ऑफिस में भी रहिए ''कूल''

Be Cool in Office | ऑफिस में भी रहिए ''कूल''

ऑफिस
- अनिता वाधवा

ND
ND
काम का दबाव, टारगेट हासिल करने का तनाव, करियर के उतार-चढ़ाव,ऑफिस और निजी जिंदगी का तालमेल, सहयोगियों से संतुलन बनाए रखने की जद्दोजहद और अच्छे प्रदर्शन तथा उन्नति की चाह, वर्किंग वूमन के लिए जिंदगी आसान नहीं। ऐसे में दिन का बड़ा भाग जब ऑफिस में गुजारना हो तो जरूरी है कि आप प्रसन्न और ऊर्जा से भरी रहें। अपनाइए कुछ तरीके कहिए कार्यालय के तनाव और पॉलिटिक्स को बाय-बाय।

किसी दिन अपने स्कूल के दिनों की एक तस्वीर साथ ले जाएँ। लंच के समय या बीच में बचे कुछ मिनटों में उस तस्वीर को अपने सहयोगियों को दिखाकर उसमें स्वयं को पहचानने को कहें। इसमें मज़ा भी आएगा और सबको अपने स्कूल के प्यारे से दिन याद आ जाएँगे।

कार्यालय में कोई एक ऐसा कमरा या स्थान चुनें जो कुछ देर के लिए केवल महिला स्टाफ का हो सकता हो। वहाँ आप एक-दूसरे को चुटकुले, गाने आदि सुनाकर और चाहें तो मोबाइल में भरे गानों पर डाँस करके भी मजा ले सकती हैं। ये क्षण आपको एक-दूसरे से जोड़ेंगे और आपके व्यक्तित्व की खूबियाँ भी सबको पता चलेंगी।

अपना एक प्यारा सा गैंग बना लीजिए जो वक्त पड़ने पर एक-दूसरे की सहायता भी करे और रोज कुछ समय साथ बैठकर काम और कार्यालय के अलावा हल्की-फुल्की बातें करे।

समय मिलते ही पूरे ऑफिस के हर क्यूबिकल में जाकर सबसे हाल-चाल पूछें और उनमें से जिनसे आपकी मानसिकता मिलती है उनके साथ कुछ सार्थक करने की कोशिश करें। चाहे वो ऑफिस के बाद एक घंटा कम्प्यूटर सीखने की ही बात क्यों न हो।

अपनी डेस्क पर कुछ रंग-बिरंगे क्ले बॉल्स रखें। जो भी आपके पास आए उसे, उन बॉल्स से कोई आकृति बनाने को कहें। फिर बनी हुई आकृति इकट्ठी करके शाम को सबको दिखाएँ। यह एक रचनात्मक काम होगा।

किसी दिन अपने लंच के समय को रचनात्मक बनाएँ। इसे एक पूल लंच में बदल दें और हर व्यक्ति से एक-एक डिश बनाकर लाने को कहें। सबका स्वाद भी बदलेगा और मजा भी आएगा।

एक समूह बनाकर कुछ किताबों की सदस्यता ले लें और इन्हें बाँटकर पढ़ें। साथ ही नई जानकारियाँ एक-दूसरे से बाँटें।

ऑफिस में किसी की बुराई या भलाई में या बेवजह की पॉलिटिक्स में समय बर्बाद करने की बजाय किसी रचनात्मक काम को सीखने की कोशिश करें।

आप सबके साथ सहयोगी व मित्रवत रवैया अपनाएँ और अपने काम को दिल लगाकर करें। यह आपको सबसे ज्यादा सुकून देगा। लेकिन हाँ, आँखें और कान हमेशा खुले रखें।