हैज़लिट का पत्र स्टोडार्ट के नाम
मेरी प्रिये, एक सप्ताह से ज्यादा गुजर चुका है और मुझे तुम्हारा कोई पत्र नहीं मिला। तुम्हारा पत्र, जिसके सहारे मैं जीता हूँ और जिसके बिना मुझमें जिन्दगी रहती ही नहीं! क्या हो गया है तुम्हें?क्या तुमने शादी कर ली है, यह सुनकर कि मैं मर गया हूँ (क्योंकि ऐसा ही मुझे बताया गया है) अथवा तुम किसी मठ में चली गई हो ?या बोकेशियो के कामुक प्रेमियों में से किसी एक के प्यार में पड़ गई हो ? भला किसके ?क्या चिनान के, जो मसखरे से एक प्रेमी बन गया और सौन्दर्य के जोर से पढ़ना सीख गया ? अथवा इजाबेला के प्रेमी लोरेन्जों के प्रेम में, जो एक सौदागर का क्लर्क था और जिससे इजा के तीन भाई घृणा करते थे (जैसे कि तुम्हारा भाई मुझसे करता है)।अथवा फेडरिगो एलबेरिगो के प्रेम में जोकि एक ईमानदार तथा सज्जन था और अपनी सम्पत्ति खो बैठा था और जिसने कि अपनी प्रेमिका को बाज का बढ़िया गोश्त पकाकर खिलाया था।इस प्रकार से उसे प्राप्त किया था, (यद्यपि स्वयं अपने लिए भी भोजन पाने का यही तरीका उसके पास बच रहा था) इस अंतिम व्यक्ति से मैं बहुत प्रभावित हूँ, क्योंकि खुद मैंने भी तुम्हें सीखों की दावत देकर अपनी ओर आकर्षित किया था और उस समय मेरे पास भी उन्हें खरीदने के लिए पैसे नहीं थे।अब इस बात से इनकार मत करना। क्या उससे अगली रात मैंने तुम्हारी स्वीकृति की याचना नहीं की थी और क्या तुमने वह मुझे दे नहीं दी थी?उन सुन्दर योद्धाओं से मुझे बुरी तरह ईर्षा करनी चाहिए थी, अगर मैं यह न जानता होता कि 'एक जीवित कुत्ता मरे हुए शेर से ज्यादा अच्छा होता है।' बोकेशियो अपने प्रेमियों पर ज्यादा ध्यान नहीं देता।उसकी स्त्रियाँ ज्यादा आकर्षक व रसीली होती हैं। मैं सोचता हूँ, कितना अच्छा होता यदि मैं उस युग में जीवित होता व थोड़ा अधिक सुंदर होता।अब अगर किसी स्त्रिी ने यह पुस्तक लिखी होती तो यह मुझे इतना प्रभावित न करती, क्योंकि उस दशा में उसके पुरुष पात्र तो वीर और देवता समान होते पर स्त्रियाँ कुछ भी नहीं। क्या इस बात में कुछ सच्चाई नहीं है ?अतीत प्यार की बातें कर रहे हैं न हम! अभी एक दिन मैंने सड़क पर अपनी पुरानी प्रेमिका को देखा और एक दिन मैंने सपने में भी उसे देखा, पर सिर्फ एक दिन!बाकी सभी रातों में मैंने वही सपने देखे, जो मैं पिछले दो महीनों से देखता चला आ रहा हूँ। अब अगर तुम जरा भी न्यायप्रिय हो तो तुम्हें मेरी इस बात से संतुष्ट हो जाना चाहिए।-
विलियम हैज़लिट