युवा और आकर्षक आम्रपाली दुबे ने सात फेरे से अभिनय के क्षेत्र में अपना पहला कदम रखा है। इस धारावाहिक में वो सलोनी की गोद ली हुई बेटी का किरदार निभा रही हैं। आइए जानते हैं कि टेलीविजन पर लंबे समय से चले आ रहे इस धारावाहिक में काम करके आम्रपाली कैसा अनुभव कर रही हैं -
क्या आपने इसके पहले कभी कैमरा फेस किया था और इस धारावाहिक में काम करना आपके लिए कैसा अनुभव रहा है? यह मेरे लिए बहुत अच्छा अनुभव है। इसके पहले भी मैंने विज्ञापनों में काम करते वक्त कई बार कैमरा फेस किया था, परंतु डेली सोप और विज्ञापन दोनों में काम करना बिल्कुल अलग अनुभव है। मुझे ‘सात फेरे’ जैसे धारावाहिक का हिस्सा बनने पर बहुत खुशी हो रही है।
इस धारावाहिक में अपने किरदार के बारे में कुछ बताएँ? मेरा किरदार एक ऐसी लड़की का है, जो परिवार के सभी सदस्यों की बहुत लाड़ली है। हर कोई मुझे बहुत प्यार करता है तथा मेरी हर ख्वाहिश को पूरा करता है।
यह किरदार आपकी असली जिंदगी के कितने करीब है? बहुत करीब है। घर पर भी मेरे पापा मुझे इतना प्यार करते हैं कि वो जब कभी बाहर जाते हैं तो मेरा चेहरा देखे बगैर वो घर से बाहर नहीं निकलते हैं। मेरे माता-पिता मेरे लिए जिंदगी में जितना ज्यादा व बेहतर कर सकते थे, उससे अधिक उन्होंने किया।
आपने अभी 12वीं बोर्ड की परीक्षा दी है। आप अपने परीक्षा परिणाम के बारे में क्या सोचती हैं? मैं बहुत ज्यादा नर्वस नहीं हूँ क्योंकि मुझे पता है कि मैं कुछ कमाल जरूर करूँगी।
क्या आपने अभिनय की कोई ट्रेनिंग ली है? नहीं, परंतु मैंने 10 साल तक स्कूल में होने वाले कई नाटकों में भाग जरूर लिया था।
क्या आपने कभी रियलिटी शो में भाग लेने के बारे में सोचा है? यदि आपको मौका मिलेगा तो क्या आप उसका हिस्सा बनना चाहेंगी? जरूर बनूँगी।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें