लारा और मेरे बीच कोई समस्या नहीं : सुष्मिता सेन
PR
लंबे समय बाद आपकी कोई महत्वपूर्ण फिल्म प्रदर्शित हो रही है?
हाँ, लेकिन अब दर्शकों को एक के बाद एक मेरी कई फिल्में देखने को मिलेंगी, जिनमें सबसे पहले मैं बात करूँगी फिल्म ''डू नॉट डिस्टर्ब'' की। निर्देशक डेविड धवन की यह हास्य फिल्म है। इसमें मेरे हीरो हैं गोविंदा,जिनके साथ मैं पहले भी काम कर चुकी हूँ।
गोविंदा के फिर से एक बार काम करना कैसा लगा?
बहुत ही अच्छा। जब आपके सामने चीची हो तो आपका अभिनय अपने आप बेहतर हो जाता है और उस पर डेविड फिल्म का निर्देशन कर रहे हों तो फिर क्या कहने, इन दोनों की कैमिस्ट्री देखते ही बनती है।
इस फिल्म में लारा भी हैं। सुनने में आया है आप दोनों के बीच कुछ ईगो प्रॉब्लम हो गई थी?
सच में? मुझे तो नहीं पता। आप लोग ही यह सब करते रहते हैं। कब किसकी दोस्ती करवानी है? कब किसकी लड़ाई? ऐसी कोई भी बात मेरे और लारा के बीच नहीं है।
गोविंदा और आपके बीच भी कुछ समस्या थी?
अगर मेरे और गोविंदा कुछ भी समस्या होती तो मैं यह फिल्म नहीं करती।
अपनी अन्य फिल्मों के बारे में बताइए।
‘डू नॉट डिस्टर्ब’ के बाद आएगी ''दूल्हा मिल गया''। इस फिल्म में मेरे साथ शाहरुख़ खान व फरदीन खान हैं। फिर ‘नो प्रॉब्लम है। ये सभी हास्य फिल्मे हैं, लेकिन मेरी भूमिकाएँ अलग हैं।
''रानी लक्ष्मी बाई'' का क्या हुआ?
फिलहाल तो काम रूका हुआ है। इस बारे में कुछ कह नहीं सकती।
और ''बेनजीर भुट्टो''के बारे में क्या कहना है?
यह थोड़ी विवादास्पद फिल्म है और इसे बनाने में ''पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी'' की सहमति जरूरी है। हमारी तैयारी पूरी है।
