सितंबर के महीने में गणेशोत्सव के अलावा श्राद्ध पक्ष भी शुरू हो जाएगा। रमजान का महीना भी शुरू होने वाला है। फिल्म वाले आमतौर पर (खासकर बड़े निर्माता) इन दिनों अपनी फिल्मों को प्रदर्शित करने से बचते हैं। उनका मानना है कि इन दिनों लोग गणेशोत्सव में व्यस्त रहते हैं। रमजान के महीने में मुस्लिम भाई भी फिल्मों से दूर रहते हैं। वहीं श्राद्ध पक्ष को लेकर भी उनके अपने मत हैं।
इन दिनों थिएटर वालों की शामत आ जाती है। उन्हें मजबूरीवश पुरानी या कमजोर फिल्मों से काम चलाना पड़ता है। वहीं छोटी फिल्म निर्माताओं की चाँदी हो जाती है। उन्हें आसानी से थिएटर मिल जाते हैं।
आजकल कुछ निर्माता इन बातों को नहीं मानते हैं और अपनी फिल्म को प्रदर्शित करने से नहीं घबराते हैं। सितंबर में औसत किस्म की फिल्मों का प्रदर्शन होगा।
PR
PR
7 सितंबर को इंद्रकुमार धमाल लेकर आ रहे हैं। हास्य से भरी इस फिल्म में कोई नायिका नहीं है। इंद्रकुमार की पिछली फिल्म ‘प्यारे मोहन’ बुरी तरह फ्लॉप रही थी। इंद्रकुमार बहुत महान निर्देशक तो नहीं हैं, लेकिन वे कई हिट फिल्म बना चुके हैं। आमतौर पर उनकी फिल्म में हास्य के नाम पर चुटकुले रहते हैं।
इसी दिन रामगोपाल वर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म डार्लिंग भी प्रदर्शित हो रही है। ‘डार्लिंग’ फरदीन खान और ईशा देओल के लिए भी बहुत अहम है। इस फिल्म में रहस्य और रोमांच का ताना-बाना बुना गया है। फिल्म के एक-दो गाने भी हिट हो चुके हैं।
IFM
IFM
14 सितंबर को तुषार कपूर और उदिता गोस्वामी द्वारा अभिनीत फिल्म अगर प्रदर्शित होगी। इस फिल्म का निर्देशन अनंत महादेवन ने किया है। उदिता गोस्वामी एक अरसे बाद दिखाई देंगी। फिल्म में दिखाया गया है कि एक शादीशुदा महिला किसी अन्य पुरुष से प्रेम करती है तो उसके क्या दुष्परिणाम होते हैं। ‘अगर’ के साथ पचास लाख के प्रदर्शन की भी घोषणा की गई है।
IFM
IFM
21 सितंबर को तीन फिल्मों को प्रदर्शित करने की घोषणा की गई है। प्रियदर्शन ढोल के जरिये दर्शकों को हँसाने रहे हैं। इस फिल्म में अपेक्षाकृत छोटे सितारे हैं। शरमन जोशी, कुणाल खेमू, राजपाल यादव और तुषार कपूर जिंदगी में अमीर बनने के लिए एक धनवान लड़की तनुश्री दत्ता से ब्याह रचाना चाहते हैं। इस कहानी को मजेदार ढंग से प्रियदर्शन ने अपनी चिर-परिचित शैली में प्रस्तुत किया है।
मनोरमा सिक्स फीट अंडर ये नाम है उस फिल्म का, जिसमें अभय देओल, रायमा सेन और गुल पनाग नजर आएँगे। यह एक ऐसे इंजीनियर की कहानी है, जिस पर जासूसी का भूत सवार है। अभय देओल को इस समय हिट फिल्म की सख्त जरूरत है और उम्मीद की जा रही है कि उनकी यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी।
जिमी शेरगिल और किम शर्मा द्वारा अभिनीत फिल्म छोड़ो ना यार भी इसी दिन प्रदर्शित होगी। यह तीन कॉलेज के विद्यार्थियों की कहानी है जो अपनी डिप्लोमा फिल्म को कुछ अलग अंदाज में बनाना चाहते हैं।
IFM
IFM
28 सितंबर को प्रदर्शित होने वाली गो युवा प्रेमियों की कहानी है। इस फिल्म के निर्माता रामगोपाल वर्मा हैं। इसी दिन अरसे से बनकर तैयार दिल दोस्ती एटसेट्रा के प्रदर्शित होने की भी घोषणा हुई है।
जॉनी गद्दार के जरिये नितिन मुकेश के बेटे नील मुकेश भी बॉलीवुड में अपनी पारी आरंभ करने जा रहे हैं। नील में एक अच्छे नायक बनने के सारे गुण बताए जा रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है और नील के साथ इस फिल्म में धर्मेन्द्र और रिमी सेन हैं। फिल्म में अपराध और प्यार को दिखाया गया है।
इन फिल्मों के अलावा हम हैं करण अर्जुन, अपना आसमान, सनक : द डेडली पेशन, मैं हूँ मल्लिका, मस्तानी गर्ल्स, रामा-राम क्या है ड्रामा जैसी फिल्में भी प्रदर्शित होंगी।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें