‘शोले’ फिल्म के सारे गाने हिट हुए थे, लेकिन ‘मेहबूबा मेहबूबा’ सभी गीतों पर भारी पड़ा। कई वर्ष बीत जाने के बावजूद आज भी यह गीत युवाओं को पसंद आता है। ये संयोग की बात है कि इस वर्ष यह गीत दो बार अलग-अलग फिल्मों में दर्शकों को देखने को मिल रहा है। हिमेश रेशमिया की फिल्म ‘आपका सुरूर’ में दर्शक इसे देख चुके हैं और अब ‘रामगोपाल वर्मा की आग’ में यह देखने को मिलेगा।
पहली बार : हेलन और आरडी का कमाल ’शोले’ के लिए इस गीत का फिल्मांकन करते हुए रमेश सिप्पी ने सोचा भी नहीं था कि उनका यह गाना ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगा। इस गाने को हेलन और जलाल आगा पर फिल्माया गया, जिनका फिल्म से कोई लेना-देना नहीं था। गब्बर के आगे हेलन को नाचना था।
आरके स्टूडियो में सेट लगाया गया था और पाँच दिनों तक इसकी शूटिंग चली थी। चूँकि फिल्म में यह गाना जलाल आगा पर फिल्माया जाना था, इसलिए आरडी बर्मन ने खुद यह गीत गाया, ताकि आवाज कुछ हटकर लगे। जलाल इसमें जिप्सी म्यूजिशियन बने थे और आरडी की आवाज उन पर खूब सूट हुई।
आरडी की धुन पर हेलन ने बहुत ही उत्तेजक तरीके से नृत्य किया था। ‘शोले’ जब पहली बार प्रदर्शित हुई थी तब इस गाने पर थिएटर में खूब सीटियाँ बजती थीं। कई लोगों ने इस गाने के कारण ‘शोले’ दोबारा देखी। यह हेलन के शानदार नृत्यों में से एक है।
IFM
IFM
दूसरी बार : मल्लिका को मिला मौका दूसरी बार यह गाना संयोग से हिमेश रेशमिया की फिल्म में आया। रामगोपाल वर्मा ने जब शोले बनाने का निश्चय किया तो उन्होंने संगीतकार के रूप में हिमेश को लिया। हिमेश ने ‘मेहबूबा’ गाना बना लिया। बाद में किसी कारण से हिमेश रामू की फिल्म से अलग हो गए। वे यह धुन भी अपने साथ ले गए।
उन्होंने इसका इस्तेमाल अपनी फिल्म ‘आपका सुरूर’ में कर लिया। आरडी की जगह हिमेश ने इस गीत को अपनी आवाज में गाया और इस गीत के रिमिक्स वर्ज़न में आशा भोंसले से गँवाया।
परदे पर इसे मल्लिका पर फिल्माया गया। मल्लिका की ड्रेस एश्ले रिबेलो ने डिजाइन की थी। इस गाने को इतना पसंद नहीं किया गया, क्योंकि इस गाने को देखते ही दर्शकों को ‘शोले’ की याद आ जाती है। फिल्म की कहानी का ‘शोले’ से कोई संबंध नहीं है। यूँ भी मल्लिका नृत्य के मामले में हेलन की एक हजारवीं कॉपी भी नहीं है।
PR
PR
तीसरी बार : अमिताभ के आगे नाचेंगी उर्मिला रामगोपाल वर्मा ने जब ‘शोले’ पर आधारित फिल्म बनाने की घोषणा की तो लोगों में यह उत्सुकता जागी कि ‘मेहबूबा-मेहबूबा’ पर नृत्य कौन करेगा? रामू ने इसके लिए अपनी खास नायिका उर्मिला मातोंडकर को यह जिम्मेदारी सौंपी। उर्मिला की पोशाक मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन की है। रामू यह मानते हैं कि हेलन और आरडी के समकक्ष पहुँचना उनके लिए नामुमकिन है।
उर्मिला ने इस गाने के लिए अलग किस्म का मेकअप किया है। उर्मिला का सपना था कि वे इस गाने पर नृत्य करें जो रामू ने पूरा किया। उन्होंने पहली बार अमिताभ के साथ काम किया है। वे थोड़ा घबराई हुई थीं, लेकिन अमिताभ ने उनका उत्साहवर्धन किया, ताकि गीत का अच्छी तरह फिल्मांकन हो सके।
उर्मिला ने कितना अच्छा नृत्य किया है ये तो फिल्म के प्रदर्शित होने के बाद पता चलेगा, लेकिन हेलन के स्तर तक पहुँचना उनके बस की बात नहीं है।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें