1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर

शाहरुख खान : नंबर वन की पोज़ीशन बरकरार

शाहरुख खान चक दे इंडिया
IFMIFM
‘चक दे इंडिया’ की सफलता ने उन सभी लोगों के मुँह बंद कर दिए हैं, जो फिल्म की सफलता पर संदेह व्यक्त कर रहे थे। फिल्म ने शुरुआत थोड़ी धीमी की, लेकिन फिर ऐसी गति पकड़ी कि सफल फिल्मों की सूची में इसका नाम शामिल हो गया।

लोग इस फिल्म को दोबारा देखना पसंद कर रहे हैं। बच्चे, युवा और हर वर्ग के दर्शकों को यह फिल्म लुभा रही है। शाहरुखान को असफल मानने वाले भी इस फिल्म को देखने के बाद शाहरुख का गुणगान कर रहे हैं।

‘चक दे इंडिया’ के प्रदर्शित होने के पहले इस फिल्म की तथा शाहरुख की काफी आलोचनाएँ की जा रही थीं। पहले फिल्म के ट्रेलर्स को लेकर नकारात्मक बातें कहीं गईं। फिर कहा गया कि फिल्म में कोई नायिका नहीं है। शाहरुख जब कभी अपनी इमेज से हटकर भूमिका निभाते हैं, तो फिल्म फ्लॉप होती है, परंतु ये बातें गलत साबित हुईं।

शाहरुख अभिनीत पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रंग जमाने में कामयाब नहीं हुई थीं। इस कारण वे भी आलोचकों के निशाने पर थे। ‘वीर जारा’ और ‘मैं हूँ ना’ हिट जरूर हुई थी, लेकिन दर्शक शाहरुख से सुपरहिट की आशा करते हैं।

IFMIFM
इसी बीच ‘स्वदेस’, ‘कभी अलविदा ना कहना’ और ‘पहेली’ जैसी असफल फिल्में भी शाहरुख के खाते में आईं। ‘डॉन’ भी आशाओं पर खरी नहीं उतरी। इन फिल्मों की असफलता के कारण यह माना जाने लगा था कि शाहरुख की लोकप्रियता में कमी आ रही है। उन पर उम्र हावी होने लगी है।

रितिक और अभिषेक बच्चन जैसे नायकों ने हिट फिल्म देकर शाहरुख के समक्ष चुनौतियाँ पेश कर दीं, लेकिन किंग खान ने ‘चक दे इंडिया’ के जरिये साबित किया कि उनमें अभी भी दम है। इस फिल्म ने उनके कॅरियर को मजबूती प्रदान की।

इस फिल्म में शाहरुख के अभिनय को भी सराहना मिली। आमतौर पर कहा जाता है कि शाहरुख हर भूमिका को शाहरुखनुमा बना देते हैं। लेकिन ‘चक दे इंडिया’ में शाहरुख ने कबीर की भूमिका में ऐसी जान डाल दी कि वे शाहरुख कम और कबीर खान ज्यादा लगे।

इस फिल्म के बाद शाहरुख की डिमांड फिर बढ़ गई है और कहा जा रहा है कि वे आठ से दस करोड़ प्रति फिल्म माँगने लगे हैं। दीपावली पर शाहरुख की ‘ओम शांति ओम’ आ रही है। इस फिल्म में वे दीपिका पादुकोण जैसी नई नायिका के साथ दिखाई देंगे।

‘चक दे इंडिया’ ने शाहरुख की नंबर वन पोजीशन को बरकरार रखा है। फिलहाल तो वे ही नंबर वन कहे जा सकते हैं।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें