मल्लिका शेरावत के ढेर सारे प्रशंसक हैं। उन्हें खुले दृश्य करने एवं कम कपड़े पहनने से भी कोई एतराज नहीं है। वे विवादास्पद होने के साथ-साथ चर्चित भी हैं। इसके बावजूद मल्लिका के पास फिल्मों की बेहद कमी है। उन्हें जो भी फिल्में मिल रही हैं उसमें उनकी भूमिका बहुत छोटी-सी है।
इस वर्ष मल्लिका ने दो हिट फिल्मों में काम किया ‘गुरू’ और ‘आपका सुरूर’। इन दोनों फिल्मों में उनका किरदार ज्यादा लंबा नहीं था। मल्लिका को समझ में नहीं आ रहा है कि निर्माताओं ने उनसे दूरी क्यों बना रखी है?
बॉलीवुड की यह अनोखी परम्परा है कि जब किसी अभिनेता या अभिनेत्री को फिल्में मिलना कम हो जाती हैं, तो वह निर्माता या निर्देशक बन जाता है। निर्माता-निर्देशक बनते ही वह असली कारण को छिपाते हुए कहता हैं कि उसे मनमुताबिक भूमिकाएँ अभिनीत करने को नहीं मिल रही हैं, इस कारण वह खुद फिल्म बना रहा है।
खबर है कि मल्लिका शेरावत भी निर्मात्री बन गई हैं। वे गोविंद मेनन के साथ मिलकर फिल्म बनाएँगी, जिसका निर्देशन खुद गोविंद करेंगे। अगर आपको याद न हो तो याद दिला दें कि ये वही गोविंद है, जिन्होंने मल्लिका को लेकर ‘ख्वाहिश’ फिल्म बनाई थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत रही थी। इसमें मल्लिका ने 17 चुम्बन नायक को दिए थे, जिसकी वजह से फिल्म और मल्लिका को चर्चा मिली थी।
इसके बाद गोविंद ने ‘किस किसकी किस्मत’ बनाई थी, जिसमें धर्मेन्द्र और मल्लिका ने साथ में काम किया था। किस्मत फूटी यानी कि फिल्म पिटी और मल्लिका-गोविंद के संबंध खराब हो गए।
अब अपने कॅरियर में कोई हलचल होते नहीं देख मल्लिका गोविंद के साथ फिल्म बना रही हैं। इस फिल्म का नाम होगा ‘बॉलीवुड बॉम्बशेल’। मल्लिका इन दिनों भट्ट बंधुओं के साथ भी अपने संबंध सुधारने में लगी हुई है। ‘मर्डर’ जैसी हिट फिल्म के बाद मल्लिका का व्यवहार इन भाइयों को पसंद नहीं आया था। इसके बाद से मुकेश भट्ट के बैनर विशेष फिल्मस् ने मल्लिका का बॉयकाट कर रखा है।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें