बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. आलेख
  4. Mars in Taurus

राशि परिवर्तन पर विशेष : मंगल वृषभ राशि में, जानिए 12 राशियों पर प्रभाव...

राशि परिवर्तन पर विशेष : मंगल वृषभ राशि में, जानिए 12 राशियों पर प्रभाव... - Mars in Taurus
*  धरतीपुत्र मंगल का राशि परिवर्तन, जानें कैसा रहेगा 12 राशियों के लिए... 
 
मंगल देव को धरतीपुत्र कहा जाता है। प्राचीन ज्योतिष में इन्हें भूमिपुत्र और युद्ध का देवता भी माना जाता है। मंगल अंतरिक्ष में नग्न आंखों से भी स्पष्ट दिखाई देते हैं। इनका धरती से निकट संबंध होने से इनका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ना अवश्यंभावी है। 13 अप्रैल को मंगल ग्रह ने राशि परिवर्तन कर लिया है। प्रात: 4 बजकर 12 मिनट पर मंगल मेष राशि से वृषभ राशि में आ गए हैं।  
 
मंगल को प्रत्यक्ष ऊर्जा देने वाला ग्रह माना जाता है। इस कारण मंगल जातक की राशि पर मंगलकारी व अमंगलकारी प्रभाव डालते हैं। मंगल का राशि परिवर्तन सभी राशियों पर भाव अनुसार प्रभाव डालता है।आइए जानते हैं क्या होगा आपकी राशि पर प्रभाव - 
 
 
मेष राशि के जातकों की राशि के स्वामी स्वयं मंगल हैं, जो स्वराशि से ही परिवर्तन करेंगे। ऐसे में मेष जातकों के लिए मंगल का परिवर्तन उत्तम है। धन के योग खुलेंगे। आनंददायक यात्रा के योग हैं। घर में कोई मांगलिक कार्य का आयोजन भी हो सकता है। शुभ कार्यों में खर्च होने के आसार हैं। सूर्य नक्षत्र कृत्तिका में मंगल का परिवर्तन होने के कारण अविवाहित मेष जातकों के लिए परिणय सूत्र में बंधने के योग बनने की भी संभावनाएं हैं। 
 
वृषभ राशि के जातकों के लिए लग्न का मंगल होना वृषभ जातकों के लिए शुभकारी है। काफी ऊर्जावान बने रहेंगे। व्यवसाय बढ़ने के आसार हैं। अविवाहित जातकों के लिए अच्छा रिश्ते आने के योग हैं। विद्यार्थियों के लिए मंगल विशेष रूप से अच्छे परिणाम लेकर आ सकता है।
 
मिथुन राशि के जातकों के लिए राशि से मंगल का परिवर्तन 12वां होगा। खर्च बढ़ने के आसार हैं, प्रयास करें कि कम खर्च हो व मुसीबत के समय के लिए धन संचय करें। परिजनों पर खर्च करना पड़ सकता है। राशि परिवर्तन से मंगल शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने में सहायक हो सकते हैं। यात्रा पर जाने के आसार हैं।

कर्क राशि के जातकों के लिए मंगल का वृषभ राशि में परिवर्तन शुभ है। सौभाग्यशाली योग रहने के आसार हैं। धन प्राप्ति के योग बन सकते हैं। विद्या ग्रहण करने में रुचि रखने वालों के लिए भी मंगल का परिवर्तन शुभ रहने की संभावना है। आईटी क्षेत्र वाले जातकों के लिए तो और भी भाग्यशाली रहने के आसार हैं। योगकारी मंगल के लाभ के स्थान पर आने से लाभ प्राप्ति के बड़े अवसर मिलेंगे। 
 
सिंह राशि के जातकों के लिए यह राशि परिवर्तन लाभ से कर्म की ओर हो रहा है। लाभ पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। ऊर्जा बनी रहेगी। नए लक्ष्यों को हासिल करने के लिए अपने कार्यों को करने में थोड़ी तत्परता दिखाएं। मेहनत और तुरंत कार्य करने की प्रवृत्ति से कुछ लाभ मिल सकता है।
 
कन्या राशि के जातकों के लिए यह परिवर्तन राहत लेकर आया है। पिछले कुछ समय से दुर्घटना व रोग से पीड़ित जातकों को मंगल के परिवर्तित होकर वृषभ राशि में आने पर निश्चित आराम मिलेगा। भाग्य में भी बढ़ोतरी के योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों की ओर भी रुझान बढ़ेगा, आत्मिक संतुष्टि प्राप्त होगी। 
 
तुला राशि के जातकों के लिए मंगल 8वें भाव में आ रहा है। यह किसी अनिष्ट की ओर भी संकेत कर रहा है। यात्रा पर जाने या वाहन को चलाने में सावधानी रखें, दुर्घटना के योग बन सकते हैं। कोई सर्जरी भी आपको करवानी पड़ सकती है। उदर या फिर रक्त विकार आदि समस्याओं से भी ग्रस्त हो सकते हैं। मंगल की पूजा व मंगल का दान करने से राहत मिल सकती है। 
 
वृश्चिक राशि के जातकों के दांपत्य जीवन में खलल पैदा हो सकता है। विवाहित दंपतियों के विचारों में मतभेद बढ़ने के आसार हैं। जहां तक हो सके किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचें। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी दूर होगी। अविवाहित जातकों के लिए विवाह के योग बन सकते हैं। घर पर कोई मांगलिक कार्य भी आयोजित हो सकता है।
 
धनु राशि के जातकों के लिए मंगल का परिवर्तन रोगवर्धक हो सकता है। सलाह है कि सेहत का विशेष रूप से ध्यान रखें हालांकि शत्रु पक्ष हावी रहेंगे। यात्राएं भी करनी पड़ सकती हैं। आर्थिक स्थिति को बेहतर करने के लिए खर्चों को नियंत्रित करने का प्रयास करें। 
 
मकर राशि के जातकों के लिए मंगल का परिवर्तन मान-सम्मान में वृद्धि लाने वाला हो सकता है। संतान पक्ष से सुख की प्राप्ति होगी। विद्यार्थियों के लिए शुभ रहने के आसार हैं। नए कार्य की शुरुआत के मंगलकारी योग हैं। धन प्राप्ति के योग भी अच्छे हैं। 
 
कुंभ राशि के जातकों के लिए मंगल का परिवर्तन संपत्ति बनाने के योग दर्शा रहा है। घर खरीदने या बनाने का प्रयास कर रहे हैं तो इस समय प्रयास सफल हो सकते हैं। किसी नए कार्य को करने की योजना भी सफल हो सकती है। मातृपक्ष से प्रेम बढ़ने के आसार हैं। मित्रों का भी सहयोग मिलने के आसार हैं।
 
मीन राशि के जातकों के लिए मंगल का राशि परिवर्तन करना आपके लिए भाग्य क्षेत्र में वृद्धि के संकेत कर रहा है। नौकरी में परिवर्तन या किसी नए काम को करने के इच्छुक हैं तो उचित अवसर प्राप्त हो सकते हैं। इस समय प्रतिस्पर्धियों पर हावी होने व शत्रु को पराजित करने का योग बन रहा है। कुल मिलाकर मंगल सुख-समृद्धि के योग बना रहा है।