SIR में नाम कटा, बाद में विधायक बना, 1 सीट पर अभी भी चल रही है काउंटिंग
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने अपनी हार के लिए एसआईआर को दोषी बताया। इस बीच कांग्रेस के मोताब शेख की जीत चर्चित रही। चुनाव से कुछ हफ्ते पहले उनका नाम वोटर लिस्ट से तकनीकी कारणों के चलते हटा दिया गया था। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। यहां मुख्य न्यायाधीश की अगुवाई वाली बेंच ने नए बने अपीलेट ट्रिब्यूनल को मामला देखने का निर्देश दिया।
ट्रिब्यूनल ने पासपोर्ट समेत उनके दस्तावेज सही पाए और उन्हें वैध मतदाता घोषित कर दिया। करीब 27 लाख आवेदनों में उनका मामला सबसे पहले मंजूर हुआ। नाम बहाल होने के बाद मोताब शेख ने फरक्का सीट से चुनाव लड़ा और भाजपा के सुधीर चौधरी को 8 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया।
राजारहाट न्यूटाउन में काउंटिंग जारी
कोलकाता स्थित राजारहाट न्यूटाउन विधानसभा सीट पर मतों की दोबारा गिनती जारी है। इसके चलते रिजल्ट अभी घोषित नहीं किया गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक दोबारा गिनती पूरी होने के बाद ही अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद ही गजट तैयार कर राज्यपाल को भेजा जाएगा। फिलहाल इस सीट के नतीजों पर सबकी नजर टिकी हुई है। Edited by : Sudhir Sharma

