1. चुनाव 2026
  2. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 न्यूज़
  4. bengal tmc mukti bulldozer baba yogi adityanath rally crowd

बंगाल को अब TMC से मुक्ति दिलाने का समय, बुलडोजर बाबा की झलक के लिए उमड़े लोग

West Bengal politics
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दमदम का मिजाज बदल दिया। सूर्य की तपिश के बीच भी बंगाल चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी का जादू बंगालवासियों के सिर चढ़कर बोला। बुलडोजर बाबा की एक झलक पाने को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री ने दमदम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अरिजीत बख्शी के लिए रोड-शो किया तो हाथों में भाजपा का झंडा लिए मतदाताओं ने वंदे मातरम, भारत मां, जयश्रीराम, बुलडोजर बाबा के जमकर जयकारे लगाए। भगवा रंग में रंगा दमदम मानो एक स्वर में बोल रहा था कि हम सब ‘कमल’ के साथ हैं। 
 
मुख्यमंत्री का रोड-शो जैसे ही निकला, ढोल-नगाड़ों के बीच लोगों ने ‘स्वागतम्-स्वागतम’ का उद्घोष कर उन पर पुष्पवर्षा की। सीएम ने इस स्नेह के लिए बंगालवासियों का ह्रदय से आभार प्रकट किया। इस दौरान ‘एक ही नारा-एक ही नाम- जयश्रीराम-जयश्रीराम’, ‘हिंदू-हिंदू भाई-भाई’, ‘योगी बाबा जिंदाबाद-बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ के स्वर गूंजते रहे। रोड-शो के रास्ते में बने मंच पर बाल कलाकार भगवान राम, मां सीता व लक्ष्मण आदि की भूमिका में सबका ध्यान आकृष्ट करते दिखे तो पारंपरिक परिधान में सजीं महिलाएं भी अपने बंगाल में बुलडोजर बाबा का जोरदार स्वागत करती दिखाई दीं। घरों की खिड़कियों, छतों से भी सीएम योगी पर लगातार पुष्पवर्षा होती रही। 
 
मुख्यमंत्री ने ‘जय मां काली, जय श्रीराम, हर-हर महादेव’ का जयघोष कर दमदमवासियों से अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि देवतुल्य मतदाताओं ने तय किया है कि बंगाल में टेरर, माफियाराज व करप्शन की पर्याय बनी टीएमसी को उखाड़ फेकना है। जिस टीएमसी ने बंगाल के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया, नागरिकों के हक पर लूट मचाई, भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा पार कर दी, बंगाल के विकास को बाधित किया, उस टीएमसी से अब मुक्ति पाने का समय है। पहले चरण के मतदान ने साबित किया कि खेला शेष, उन्नयन शुरू। सीएम ने विश्वास दिलाया कि डबल इंजन की भाजपा सरकार आएगी तो यहां विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।

हुगली में क्या बोले 

पश्चिम बंगाल के धानेखाली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंगाल की वर्तमान स्थिति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कभी कला, साहित्य और औद्योगिक समृद्धि के लिए पहचान रखने वाला बंगाल आज बदहाली की ओर धकेल दिया गया है। पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी सरकारों और पिछले 15 वर्षों से टीएमसी ने बंगाल को कंगाल कर दिया है। जब हम जय श्रीराम या  हर-हर महादेव का नारा लगाते हैं तो ममता दीदी डर जाती हैं। उन्हें सत्ता हिलती हुई नजर आती है। 
 

बंगाल की डेमोग्राफी को बदलने की साजिश

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की इस पावन धरा ने श्री चैतन्य महाप्रभु को जन्म दिया, जिन्होंने हरि-कीर्तन के माध्यम से “हरे राम-हरे कृष्ण” का शंखनाद किया था। इसी धरा में स्वामी विवेकानंद ने दुनिया के हिंदुओं को संदेश दिया था कि “गर्व से कहो हम हिंदू हैं।” आज जब टीएमसी सरकार बंगाल की डेमोग्राफी को साजिश के तहत बदलने की कोशिश कर रही है, तब स्वामी विवेकानंद जी का यह उद्घोष हम सबको एक नई प्रेरणा दे रहा है। यह बंगाल की धरा है, जिसने भारत के युवाओं की भुजाओं में नया जोश भरने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान नेता को जन्म दिया। नेताजी ने कहा था कि “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा।” वह बंगाल, जो कभी कला और साहित्य के कारण भारत की सांस्कृतिक राजधानी कहलाता था और अपने कल-कारखानों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन था,  उस बंगाल में ममता दीदी “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” का नारा लगाने पर नाराज हो जाती हैं। उन्हें अपनी सत्ता हिलती दिखाई देने लगती है। 
 

ममता के मौन और अन्याय के खिलाफ बंगाल मुखर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल में तारकेश्वर में भगवान तारकनाथ के दर्शन करके आया हूं। अगर यहां डबल इंजन की भाजपा सरकार होती, तो तारकनाथ मंदिर में काशी विश्वनाथ की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर बनता, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलतीं और एक-एक व्यापारी को भी व्यवस्थित रूप से अपना व्यवसाय करने का अवसर प्राप्त होता। बंगाल में भारत की सनातन परंपरा के बारे में बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता है। बंगाल की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। “जय श्रीराम”, मां दुर्गा की पूजा और मूर्ति विसर्जन की शोभायात्रा पर प्रतिबंध लगाया जाता है। लेकिन, ममता दीदी सड़कों पर नमाज पढ़वाती हैं और इफ्तार की दावत करवाती हैं। हिंदुओं के किसी भी प्रमुख त्योहार से पहले यहां उपद्रव शुरू हो जाता है, कर्फ्यू लगा दिया जाता है और सरेआम हत्याएं होती हैं। लव और लैंड जिहाद जैसी घटनाएं लगातार घटित हो रही हैं, लेकिन टीएमसी मौन साधे रहती है। आज इस मौन और अन्याय के खिलाफ बंगाल मुखर हो उठा है। टीएमसी के कुशासन से मुक्ति पाने के लिए बंगाल की जनता सड़कों पर उतर आई है। 
 

आज उत्तर प्रदेश में राम नाम की गूंज

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भी यही स्थिति थी। आज उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी समाप्त हो चुकी है, कर्फ्यू समाप्त हो चुका है, दंगे समाप्त हो चुके हैं। बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हैं। लव जिहाद और लैंड जिहाद पर पूरी तरह अंकुश लगाया गया है। गोमाता को कटने और हिंदुओं को बंटने नहीं दिया जाएगा। आज उत्तर प्रदेश में यह साकार रूप से दिखाई दे रहा है। अगर कोई गोमाता की हत्या करेगा तो उसे भुगतना पड़ेगा। कोई माफिया किसी व्यापारी को धमकी देता है या किसी गरीब या व्यापारी की संपत्ति पर कब्जा करता है तो यूपी का बुलडोजर उसकी हड्डी-पसली एक कर देगा। आज उत्तर प्रदेश में राम नाम की गूंज है। “हरे राम-हरे राम, राम-राम हरे-हरे, हरे कृष्ण-हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे” की गूंज है। “हर-हर महादेव” और “नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव” की गूंज है।
 

4 मई के बाद टीएमसी के गुंडे पंक्चर बनाते दिखेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो बंगाल भारत को राष्ट्रगान देने वाला है, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की विरासत वाला है, आज उसकी स्थिति क्या हो गई है? टीएमसी के गुंडे जगह-जगह कब्जा करते हैं। पर 23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के रुझानों के बाद एक नया उत्साह पैदा हुआ है। टीएमसी के गुंडे अब अपना ठिकाना ढूंढ़ रहे हैं। 4 मई को जब परिणाम आएगा, तो वे कहीं न कहीं सड़कों पर पंक्चर बनाते हुए दिखाई देंगे। डबल इंजन की भाजपा सरकार का मतलब है सुशासन। यह आपको शासन की योजनाओं का लाभ देने की गारंटी है, आपके विकास की गारंटी है, बेटी की सुरक्षा की गारंटी है, व्यापारी की सुरक्षा की गारंटी है, बंगाल के नौजवानों के लिए रोजगार की गारंटी है और माताओं-बहनों के लिए स्वावलंबन की गारंटी है। हमारी विरासत से जुड़े महाकाली स्थान और बाबा तारकनाथ स्थान पर भव्य कॉरिडोर के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। डबल इंजन की सरकार में “जय श्रीराम” बोलने पर प्रतिबंध नहीं होगा, “हर-हर महादेव” बोलने पर प्रतिबंध नहीं होगा, लेकिन सड़कों पर इफ्तारी की दावत जरूर बंद जरूर हो जाएगी। 
 

अब टीएमसी के गुंडों को जवाब देने का समय

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीएमसी एससी-एसटी विरोधी भी है। पहली बार भारत की कोई बेटी, जनजातीय समाज से जन्म लेने वाली कोई बहन, भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर विराजमान है, लेकिन जब वह बंगाल आती हैं तो ममता दीदी प्रोटोकॉल का पालन नहीं करतीं और उन्हें उचित सम्मान नहीं देतीं। आपके पास अब अवसर है। आप डरो मत, आपको भयभीत नहीं होना है। अब टीएमसी के गुंडों को जवाब देने का समय आ गया है। जिन्होंने बीजेपी के कार्यकर्ताओं को मारा है, जिन्होंने व्यापारियों का उत्पीड़न किया है, जिन्होंने उद्योगों को लूटा है, जिन्होंने नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया है, अब उन्हें पता लगेगा कि लूट, घूसखोरी और गुंडागर्दी का जवाब क्या होता है। इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। पूरे उत्साह के साथ एकजुट होकर हर वह व्यक्ति, जो “आमार सोनार बांग्ला” के पक्ष में है, आगे आए।
 
Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख