उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनी पुलिसकर्मियों की होली, रंगरूटों ने मेरठ SSP को कंधे पर उठाया तो जमकर थिरके अविनाश पांडे
Meerut Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश में इस बार पुलिस की होली बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के बाद गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने अपने अंदाज़ में रंगों का यह त्योहार मनाया। प्रदेश के कई जिलों की पुलिस लाइनों और थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां पुलिस अधिकारी और जवान एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देते नजर आए। आमतौर पर कड़क छवि के लिए जाने जाने वाले एसएसपी अविनाश पांडे को रंगरूटों ने अपने कंधों पर बैठा लिया। रंग-अबीर में सराबोर एसएसपी ने भी डीजे की धुन पर जमकर डांस किया।
ढोलक-मंजीरों, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी झूमते दिखे
होली के अवसर पर शहर-शहर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए जिसमें ढोलक-मंजीरों, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी झूमते दिखे और माहौल पूरी तरह रंगों और उमंग से सराबोर हो गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ खुलकर होली खेली, जिससे आपसी भाईचारा और सामूहिकता की भावना और मजबूत हुई। कई जगह पुलिसकर्मियों के परिवार भी इस उत्सव में शामिल हुए, जिससे त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गईं।
कई अधिकारी सड़कों पर पैदल निकले और लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं
मेरठ में पुलिस लाइन और सभी थानों में होली का जश्न खास रहा। एक ओर पुलिसकर्मी रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए, तो दूसरी ओर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी होली के रंग में रंगे दिखाई दिए। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी अविनाश पांडे, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी देहात अभिजीत कुमार और एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा समेत कई अधिकारी सड़कों पर पैदल निकले और लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी पांडे ने डीजे की धुन पर जमकर किया डांस
इस दौरान छोटे-बड़े का भेद मिट गया। अधिकारी और जवान एक साथ थिरकते नजर आए। आमतौर पर कड़क छवि के लिए जाने जाने वाले एसएसपी अविनाश पांडे को रंगरूटों ने अपने कंधों पर बैठा लिया। रंग-अबीर में सराबोर एसएसपी ने भी डीजे की धुन पर जमकर डांस किया, जिससे नए रंगरूटों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रंगरूटों ने पहली बार होली का उत्सव मनाया
मेरठ पुलिस लाइन में एडीजी जोन भानु भास्कर, डीआईजी, एसएसपी समेत कई अधिकारियों ने जवानों के साथ होली खेली। एडीजी जोन भानु भास्कर ने कहा कि होली आपसी प्रेम और सौहार्द का त्योहार है। उन्होंने बताया कि इस बार पुलिस परिवार में बड़ी संख्या में नए रंगरूटों ने भी पहली बार होली का उत्सव मनाया, जो पुलिस बल के लिए गर्व की बात है।
त्योहार के अगले दिन मनाते हैं होली
डीजे पर 'रंग बरसे', 'मैं नागिन तू सपेरा' जैसे गीतों पर पुलिस जवानों ने जमकर डांस किया। रंगरूटों का जोश देखते ही बनता था। दरअसल, होली के दिन पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं और प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था संभालते हैं। यही कारण है कि वे त्योहार के अगले दिन अपनी होली मनाते हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील भी की। इस तरह उत्तर प्रदेश में पुलिस की होली ने रंग, उमंग और भाईचारे का खूबसूरत संदेश दिया।
Edited By : Chetan Gour