बुलंदशहर : ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी व 50 हजार का इनामी जीतू सैनी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
Bulandshahr Triple Murder Case : अपराधियों के हौसले तोड़ने और खाकी वर्दी का इकबाल कायम रखने के लिए योगी की पुलिस ने एक बार फिर से बता दिया है कि जो कानून अपने हाथ में लेगा उसको मिट्टी में मिला दिया जाएगा। इसका जीता जागता परिणाम खुर्जा में देखने को मिला, जहां कुछ दिन पहले ट्रिपल मर्डर हुआ था, उस तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। घटना उस समय हुई जब पुलिस और स्वाट टीम फरार आरोपियों की तलाश में इलाके में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ढाकर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, तभी पुलिस ने एक स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक संदिग्ध घायल हो गया जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस गोली से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार कै दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी जीतू सैनी के रूप में हुई है जो ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी था। इस मुठभेड़ के दौरान स्वाट प्रभारी असलम और सिपाही मोहित घायल हो गए, जबकि दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। मौके से 32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक स्कूटी बरामद की गई है।
गौरतलब है कि 25-26 अप्रैल की रात खुर्जा के एक जिम में जन्मदिन पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में जीतू सैनी ने मनीष सैनी, अमनदीप सैनी और आकाश सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तीनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे।
इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिनमें से पुलिस अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और आज एक मुख्य आरोपी जीतू मुठभेड़ में मारा गया है, अन्य फरार 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उन पर भी 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक, मारा गया आरोपी बसपा का पूर्व नगर अध्यक्ष बताया जा रहा है, जबकि पूर्व में मारे गए तीनों मृतक एक भाजपा नेता के परिवार से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
वहीं मुठभेड़ में जीतू के मारे जाने की खबर जैसे ही ट्रिपल मर्डर में मारे गए आकाश, अमनदीप और मनीष के परिवार को मिली तो उन्होंने कहा कि हमें योगी सरकार पर पूरा भरोसा था, जिस तरह हमारे परिवार के बच्चों को मारा गया उसी तरह सरकार ने उस हत्यारे का खात्मा कर दिया, जिसके लिए हम योगी जी का शुक्रिया अदा करते हैं और अपराधी के घर बुलडोजर कार्रवाई की मांग है।
Edited By : Chetan Gour
Edited By : Chetan Gour

