CM योगी 29 अप्रैल को करेंगे शिव मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परकोटे में बना है यह मंदिर
Ayodhya Uttar Pradesh News : अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के परकोटा में बने शिव मंदिर शिखर पर 29 अप्रैल को ध्वजारोहण किया जाएगा। जिसकी तैयारी चल रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों द्वारा 29 अप्रैल को शाम 5 बजे राम मंदिर परकोटा स्थित शिव मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जायगा। कार्यक्रम की जानकारी राम मंदिर ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया है और उनके हाथों से ही पूरा कार्यक्रम संपन्न होगा।
इस अवसर पर भाजपा के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लगभग 1000 स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। ध्वजारोहण कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी और रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। शिव मंदिर परकोटा के उत्तर-पूर्वी कोने पर मंच तैयार किया जाएगा।
परकोटा के पूर्वी हिस्से में वीआईपी अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यहां से सभी लोग ध्वजारोहण कार्यक्रम का सीधा दर्शन कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। गोपाल राव के अनुसार, मां भगवती और शेषावतार मंदिर पर भी 15 मई तक ध्वजारोहण होने की संभावना है।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में 15 नए अर्चकों की नियुक्ति
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राम मंदिर में 15 नए अर्चकों की नियुक्ति की गई है। ये सभी अर्चक पिछले तीन वर्षों से राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रशिक्षित किए जा रहे थे। लंबे समय तक चले इस विशेष प्रशिक्षण के बाद अब इन बटुकों को मंदिर परिसर में सेवा का अवसर दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, इन प्रशिक्षित बटुकों को राम मंदिर परिसर के परकोटे समेत कुल 16 मंदिरों में तैनात किया जाएगा। सभी नियुक्त बटुक सहायक पुजारी के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे और मंदिर की दैनिक पूजा-पद्धति में सहयोग करेंगे।पिछले तीन वर्षों से इन बटुकों को विधिवत प्रशिक्षण दिया जा रहा था। अब ये सभी प्रशिक्षित होकर मंदिर में सेवा के लिए तैयार हैं और इन्हें अलग-अलग मंदिरों में नियुक्त किया जाएगा।
राम मंदिर ट्रस्ट का यह कदम न केवल पूजा व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को धार्मिक विधियों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगा। यह जानकारी आचार्य दुर्गा प्रसाद, पुरोहित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दी है।
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
संदीप श्रीवास्तव
संदीप श्रीवास्तव करीब 25 वर्ष से ज्यादा समय से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वेबदुनिया के लिए उत्तर प्रदेश में स्ट्रिंगर के रूप में कार्य करते हैं। ....
और पढ़ें