Air Suvidha 2.0 के नाम पर हो रही ठगी! सरकार ने जारी की चेतावनी, फर्जी वेबसाइटों से रहें सावधान
नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Ministry of Civil Aviation) ने शनिवार को हवाई यात्रियों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी करते हुए फर्जी Air Suvidha 2.0 वेबसाइटों और पोर्टलों से सतर्क रहने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा है कि कुछ अनधिकृत वेबसाइटें खुद को Air Suvidha 2.0 का आधिकारिक पोर्टल बताकर यात्रियों से पैसे वसूलने की कोशिश कर रही हैं।
मंत्रालय के अनुसार, कई फर्जी वेबसाइटें यात्रियों को गुमराह कर Air Suvidha 2.0 की सेवाएं देने का दावा कर रही हैं और Self-Declaration Form जमा करने के दौरान उन्हें पेमेंट गेटवे पर भेजकर भुगतान कराने की कोशिश कर रही हैं।
Air Suvidha 2.0 पूरी तरह मुफ्त
सरकार ने स्पष्ट किया है कि Air Suvidha 2.0 की सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क हैं। Self-Declaration Form जमा करने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। मंत्रालय ने बताया कि Air Suvidha 2.0 का एकमात्र आधिकारिक पोर्टल नागरिक उड्डयन मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। यात्रियों को केवल इसी सरकारी पोर्टल का उपयोग करना चाहिए।
यात्रियों को क्या सलाह दी गई?
मंत्रालय ने यात्रियों से कहा है कि किसी भी वेबसाइट पर पासपोर्ट, व्यक्तिगत या यात्रा संबंधी जानकारी दर्ज करने से पहले उसका वेब एड्रेस (URL) ध्यान से जांच लें। साथ ही, यदि कोई वेबसाइट Air Suvidha 2.0 के नाम पर भुगतान मांगती है, तो उस पर किसी भी प्रकार का भुगतान न करें, जब तक यह आधिकारिक सरकारी पोर्टल न हो।
ऑनलाइन ठगी से रहें सतर्क
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि यह एडवाइजरी यात्रियों की सुरक्षा और जागरूकता को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है। मंत्रालय ने लोगों से केवल सरकारी सूचना और आधिकारिक Air Suvidha पोर्टल पर ही भरोसा करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी और फर्जी वेबसाइटों से सावधान रहने की अपील की है।

