शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. टीवी
  3. समाचार
Written By समय ताम्रकर

दिल को छू लेता है केबीसी का प्रोमो

दिल को छू लेता है केबीसी का प्रोमो -
PR


कौन बनेगा करोड़पति का नया सीजन शुरू होने जा रहा है। हमेशा से ही केबीसी के प्रोमो चर्चा का विषय रहे हैं क्योंकि ये सीधे दिल को छूते हैं और नया प्रोमो भी इसका अपवाद नहीं है। इसमें दिखाया गया है कि पूर्वोत्तर से आई एक लड़की से बिग बी प्रश्न पूछते हैं कि कोहिमा किस देश में है। चार विकल्पों में से भारत भी एक विकल्प रहता है। वह लड़की ऑडियंस पोल नामक लाइफ लाइन लेती है।

टीवी पर यह कार्यक्रम देख रहे लोग उस लड़की की खिल्ली उड़ाते हैं कि उसे इतना भी नहीं पता। ऑडियंस में बैठे शत-प्रतिशत लोग भारत जवाब देते हैं। बिग बी बोलते हैं कि इसका जवाब सब जानते हैं। उस पर लड़की बोलती हैं कि जानते सब है, लेकिन मानता कोई नहीं। लड़की का यह जवाब पूर्वोत्तर में रहने वाले लोगों के दिल के दर्द को बयां करता है क्योंकि वहां के लोगों के साथ हमेशा भेदभाव होता आया है। सरकार ने तो उनकी अनदेखी की ही है, शेष भारत में रहने वाले लोग भी उन्हें अपने से अलग मानते हैं।

उन लोगों के दर्द को बेहद कुशलता से शो के फॉर्मेट में पिरोकर दिखाया गया है। शो का प्रचार तो होता ही है, लेकिन उस लड़की के दर्द को भी आप महसूस करते हैं। चंद सेकंड्स का यह प्रोमो बहुत खूब है।