मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. टीवी
  4. »
  5. आलेख
Written By भाषा

वर्ष 2011 : छोटे पर्दे का धमाल

वर्ष 2011 : छोटे पर्दे का धमाल -
वर्ष 2011 में अपने को सैटेलाइट चैनलों में नंबर वन की रेस में रखने की हो। नए-नए चैनलों का आगमन। रियालिटी शो में बॉलीवुड कलाकारों का अपनी फिल्मों के प्रमोशन और खेल चैनलों पर क्रिकेट विश्व कप के प्रसारण के गहमागहमी के बीच छोटा पर्दा दर्शको को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहा।

छोटे पर्दे पर चैनलों में अपने को नंबर वन साबित करने की होड़ लगी रही। इस जंग में स्टार प्लस, कलर्स, सोनी टीवी और जी टीवी ने अपने विविधतापूर्ण कार्यक्रम के जरिये दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। छोटे पर्दे का क्रेज दर्शकों के साथ ही बॉलीवुड के कलाकारों में भी इस कदर दिखाई दिया कि उन्हें अपनी फिल्मों को प्रमोट करने के लिए इन चैनलों का सहारा लेना पड़ा। इसके अलावा क्रिकेट विश्व कप 2011 का बुखार दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। फरवरी से लेकर अप्रैल तक दर्शक खेल चैनलों से चिपके रहे1

वर्ष 2011 में सैटेलाइट चैनलों में दिखाए जा रहे सीरियलो में स्टार प्लस का साथ निभाना साथिया, ये रिश्ता क्या कहलाता है और मन की आवाज प्रतिज्ञा, सोनी टीवी का बड़े अच्छे लगते है, कलर्स पर दिखाया जाने वाला बालिका वधू प्रमुख रहे।

रियालिटी शो में सोनी पर प्रसारित कौन बनेगा करोड़पति-सीजन 5 ने एक बार फिर से बाजी मारी। कलर्स का बिगबॉस सीजन 5, इंडिया गॉट टैलेंट, खतरो के खिलाड़ी और जी टीवी का डांस इंडिया डांस सीजन-3 की धूम रही।

स्टार प्लस पर प्रसारित सीरियल साथ निभाना साथिया इस वर्ष लोकप्रियता की पायदान पर काफी आगे रहा। सास-बहू के रिश्तों पर आधारित इस सीरियल की मुख्य केन्द्र गोपी है जो अपने रिश्तों को निभाने के लिए जान से खेलने के लिए भी नहीं हिचकती।

स्टार प्लस पर ही प्रसारित लोकप्रिय सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है दर्शको के बीच खासा पसंद किया जा रहा है। इस सीरियल की केन्द्र में रही अक्षरा का किरदार कुछ ऐसा है जो सारे रिश्तों को प्यार से समझती है।

इसी चैनल पर प्रसारित सीरियल मन की आवाज प्रतिज्ञा भी दर्शकों को बांधे रखने में सफल रही। मन की आवाज प्रतिज्ञा की केन्द्र बिंदु प्रतिज्ञा एक मध्यम वर्गीय परिवार में पढ़ी-लिखी लड़की की कहानी है जिसकी शादी एक ऐसे परिवार में हो जाती है जो पुरूष प्रधान है इसके बावजूद वह अपने अधिकारों को प्राप्त करने की ललक रखती है।

स्टार प्लस पर प्रसारित अन्य धारावाहिकों में इस प्यार को क्या नाम दूं, ससुराल गेंदा फूल, नव्या-एक हजारो में मेरी बहना है, दीया और बाती हम प्रमुख रहे। इन धारावाहिकों के जरिये चैनल ने दर्शकों को कुछ नया देने की कोशिश की जिसे दर्शको ने काफी सराहा।

लोकप्रिय सैटेलाइट चैनल की रेस में कलर्स पर दिखाया जाने वाला बालिका वधू लोकप्रियता के ऊंचे पायदान पर विराजमान रहा। कहानी की मुख्य किरदार आनंदी अब बड़ी हो गई है। वह न सिर्फ अपने परिवार की बल्कि दर्शकों की भी चहेती बनी हुई है। रिश्तों पर आधारित यह सीरियल इस वर्ष भी सर्वश्रेष्ठ सीरियल्स में ये एक रहा।

बालिका वधू के अलावा कलर्स पर प्रसारित धारावाहिकों में आना ना इस देश लाडो, उतरन, ससुराल सिमर का, लागी तुझसे लगन, परिचय और वीर शिवाजी प्रमुख रहे। अलग-अलग कहानी और मिजाज को भांपकर कलर्स ने इन धारावाहिकों के जरिये दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

सोनी टीवी पर प्रसारित सीरियल बड़े अच्छे लगते है इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ सीरियल्स की फेहरिस्त में शामिल रहा। मैच्योर प्रेम कथा पर आधारित इस सीरियल में राम कपूर और साक्षी तंवर ने अपनी सहज एक्टिंग के जरिये दर्शकों के दिल पर गहरी छाप छोड़ी। प्राइम टाईम पर नही होने के बावजूद इस सीरियल को देखने के लिए दर्शकों की खासी उत्सुकता दिखाई दी जिसने इसे कामयाब सीरियल की फेहरिस्त में शामिल कर लिया।

सोनी टीवी पर ही प्रसारित एक अन्य धारावाहिक कुछ तो लोग कहेंगे भी दर्शकों के बीच बेहद पसंद किया गया। एक युवा लड़की का अपनी उम्र से काफी बड़े व्यक्ति से प्यार और तकरार पर आधारित इस सीरियल ने अपने प्रसारण के कुछ ही दिन बाद से ही दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहा।

सोनी पर प्रसारित अन्य प्रमुख धारावाहिकों में देखा एक ख्वाब, परवरिश कुछ खट्टी कुछ मीठी, क्राइम पेट्रोल, अदालत और सी. आई.डी प्रमुख रहे। देखा एक ख्वाब और परवरिश जहां पारिवारिक पृष्ठभूमि पर बने हैं, वहीं सत्य घटनाओं पर आधारित क्राइम पेट्रोल, सी.आई.डी और अदालत ने भी दर्शकों को अपनी ओर बांधे रखा। इन सबके साथ हीं स्टैंडिंग कॉमेडी पर आधारित कॉमेडी सर्कस भी दर्शकों का मनोरंजन करने में सफल रहा।

जी टीवी पर प्रसारित धारावाहिक पवित्र रिश्ता इस वर्ष भी दर्शको के बीच काफी पसंद किया गया। एकता कपूर निर्मित इस धारावाहिक की कहानी दो दिलों के बीच आपसी प्यार के इर्द-गिर्द घूमती है जो दर्शकों के दिल को छू जाती है। जी टीवी पर प्रसारित अन्य धारावाहिकों में हिटलर दीदी और अफसर बिटिया प्रमुख रहे।

इमैजिन चैनल पर प्रसारित ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित चंद्र गुप्त मौर्य और पारिवारिक धारावाहिक धर्मपत्नी ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं इसी सीरियल पर नृत्य पर आधारित नच ले विद सरोज खान के तीसरे संस्करण में भी बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध नृत्य निर्देशिका सरोज खान दर्शकों को डांस करने का हुनर सिखाते देखी गई।

इन सबके साथ ही सब टीवी पर पेश किया जाने वाला कॉमेडी धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा और लापता गंज भी दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा।

वर्ष 2011 में एक और मनोरंजक चैनल लाइफ ओके, सोनी का म्यूजिक चैनल सोनी मिक्स, यू टीवी का यूटीवी स्टार्स, संजीव कपूर का कुकिंग चैनल फूड फूड और यंग एडल्ट्स के लिए बनाए गए सोनिक चैनल ने कदम रखा।

लाइफ ओके पर प्रसारित पारिवारिक धारावाहिक दिल से दी दुआ, सौभाग्यवती भव, जिदंगी कहे स्माइल प्लीज और भ्रष्टाचार का सामना करता रियालिटी शो सच का सामना ने कम ही समय में दर्शको के बीच अपनी धाक जमा दी1

रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति का पांचवे संस्करण को इस वर्ष भी दर्शकों का अच्छा रिसपांस मिला जिसके कारण यह रियलिटी शो की लिस्ट में नंबर वन बन गया। सोनी टीवी पर प्रसारित इस शो में सुपर स्टार अमिताभ बच्चन ने अपनी जबरदस्त एंकरिंग से दर्शकों के दिल पर गहरी छाप छोड़ी।

कलर्स पर प्रसारित बिग बॉस का पांचवा संस्करण में इस बार सलमान खान के अलावे संजय दत्त ने भी एंकरिंग की। बिग बॉस में इस बार केन्द्र बिंदु पार्न स्टार सनी लियॉन रहीं जिसकी उपस्थिति से इस शो की रेटिंग को बढ़ाने में काफी हद तक मदद मिली।

इसके अलावा इसी चैनल पर दिखाया जाने वाले रियालटी शो खतरों के खिलाड़ी और इंडिया गॉट टैलेंट भी दर्शकों की कसौटी पर खरे उतरने में सफल रहे। इंडिया गॉट टैलेंट अपने तरह का एक अनूठा रियलिटी शो था जिसमें आम लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला।

धार्मिक चैनलों में संस्कार, आस्था और प्रज्ञा जैसे चैनल्स ने अपने कार्यक्रमों के जरिये दर्शकों को भावविभोर किया वहीं स्टार प्लस पर पेश किया जाने वाला कार्यक्रम निर्मल दरबार दर्शकों की कसौटी पर खरा उतरने में काफी हद तक सफल रहा। धार्मिक धारावाहिकों में इमैजिन पर प्रसारित द्वारकाधीश भगवान, श्री गणेश और सहारा वन पर प्रसारित जय जय जय बजरंग बली प्रमुख रहा।
राष्ट्रीय चैनल दूरदर्शन इस वर्ष भी अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करता दिखाई पड़ा। हालांकि दूरदर्शन ने आने वाले समय में दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए इसे डिजीटल बनाने और अगले वर्ष 26 जनवरी से अनूठे कार्य करने वाले लोगो को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम प्रसारित करने की भी घोषणा की है।

मनोरंजक फिल्मी चैनलों में स्टार गोल्ड, कलर्स में नई फिल्मों को दिखाने की जंग जारी रही। जी सिनेमा, फिल्मी, सेट मैक्स, यू टीवी और जी क्लासिक जैसे चैनलों ने पुरानी और क्लासिक फिल्में दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

न्यूज चैनलों में आजतक, स्टार न्यूज, आइ.बी.एन 7, जी न्यूज, इंडिया न्यूज, एनडीटीवी ने देश और विदेश के समाचारों से दर्शकों को रूबरू कराया।

बच्चों पर आधारित चैनलों में कार्टून नेटवर्क, हंगामा, पोगो, डिजनी और निक प्रमुख रहे। म्यूजिक चैनलों में वी, एम टीवी, मस्ती और सोनी मिक्स ने नए और पुराने सुपरहिट गाने दिखाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

खेल पर आधारित चैनलों में स्टार स्पोटर्स, ईएसपीएन, टेन स्पोटर्स, नियो स्पोर्ट्स, जबकि अंग्रेजी फिल्मों पर आधारित चैनल में स्टार मूविज, ए.एक्स.एन, एचबीओ और स्टार वर्ल्ड प्रमुख रहे। इन सबके साथ ही कुछ अलग हटकर कार्यक्रम देखने वाले चैनलो में डिस्कवरी, द हिस्टोरिक चैनल और नेशनल जियोग्राफिक शामिल रहे।(वार्ता)