सम्बंधित जानकारी
- INDIA गठबंधन पर संकट, कांग्रेस ने DMK का छोड़ा साथ, विजय की TVK को समर्थन
- तमिलनाडु में AIADMK में बवाल, विजय के समर्थन में पलानीसामी के 30 विधायक?
- चेन्नई में सियासी हलचल: विजय पहुंचे राजभवन, राज्यपाल के कड़े रुख ने बढ़ाई टेंशन; बहुमत के आंकड़े पर फंसा पेंच
- क्यों टल गया थलापति विजय का शपथ ग्रहण समारोह, कब लेंगे सीएम पद की शपथ?
- Thalapathy Vijay : तमिलनाडु में TVK की ऐतिहासिक जीत के बाद सरकार गठन की तैयारी, विजय जल्द ले सकते हैं मुख्यमंत्री पद की शपथ
DMK-AIADMK गठबंधन की अटकलों के बीच TVK का बड़ा ऐलान, 107 विधायक इस्तीफे को तैयार
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर गुरुवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। एआईएडीएमके (AIADMK) के महासचिव एडप्पडी के पलानीस्वामी पुडुचेरी के एक रिजॉर्ट पहुंचे, जहां सरकार गठन को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच पार्टी के 20 से अधिक विधायकों को ठहराया गया है। इस बीच तमिलगा वेट्ट्री कड़गम (TVK) ने कथित तौर पर कहा है कि यदि डीएमके और एआईएडीएमके मिलकर तमिलनाडु में सरकार बनाते हैं, तो पार्टी के सभी 107 विधायक इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।
माना जा रहा है कि रिजॉर्ट में एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों की एक अहम बैठक होने वाली है। इस बीच एआईएडीएमके और डीएमके (DMK) के बीच संभावित राजनीतिक गठबंधन की अटकलें भी तेज हो गई हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने एक बार फिर टीवीके (TVK) प्रमुख विजय की सरकार बनाने की मांग को खारिज कर दिया। राज्यपाल ने कहा कि पार्टी विधानसभा में बहुमत साबित करने में नाकाम रही है।
सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल ने विजय से पूछा कि टीवीके बहुमत के लिए जरूरी संख्या कैसे जुटाएगी और सरकार गठन के समर्थन में अन्य दलों के पत्र भी मांगे। साथ ही उन्होंने संभावित टीवीके सरकार की स्थिरता को लेकर भी चिंता जताई।
इसके जवाब में टीवीके ने कहा कि पहले भी कई ऐसे उदाहरण रहे हैं, जब स्पष्ट बहुमत नहीं होने के बावजूद सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने का मौका दिया गया था। पार्टी ने दावा किया कि वह सदन के पटल पर अपना बहुमत साबित करने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है।
टीवीके अभी भी बहुमत के आंकड़े से पांच सीट पीछे है। ऐसे में अब सीपीआई, सीपीआई(एम) और वीसीके जैसे छोटे दलों पर सबकी नजरें टिकी हैं। इन तीनों दलों के नेताओं ने गुरुवार को डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात कर राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की। इस बीच डीएमके सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि यदि सीपीआई, सीपीआई(एम) या वीसीके टीवीके को समर्थन देने का फैसला करते हैं तो डीएमके उन्हें रोकने की कोशिश नहीं करेगी।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटें जीतीं। वहीं डीएमके को 59, एआईएडीएमके को 47, पीएमके को 4, आईयूएमएल को 2, सीपीआई को 2 और सीपीआई(एम) को 2 सीटें मिलीं। जबकि भाजपा, डीएमडीके और एएमएमके ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। बाद में कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन देने का ऐलान किया, लेकिन इसके बावजूद पार्टी सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत से अभी भी पीछे है। Edited by : Sudhir Sharma
