रेंज बाउंड रहा बाजार, मेलोडी ने घोली पारले इंडस्ट्रीज में मिठास, कैसा रहेगा मई का आखिरी हफ्ता?
Share Market Weekly Review : पश्चिम एशिया संकट का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ता दिखाई दे रहा है। भारतीय शेयर बाजार के लिए यह कारोबारी हफ्ता रेंजबाउंड रहा। निवेशक सतर्क दिखाई दिए। सेंसेक्स में इस हफ्ते 178 अंक की बढ़त रही, वहीं निफ्टी भी मात्र 41 अंक बढ़ा। रिजर्व बैंक ने रुपए में जान डालने के लिए सरकार को रिकॉर्ड 2.87 लाख करोड़ रुपए का लाभांश दिया तो मोदी की मेलोडी ने पारले प्रोडक्ट्स की जगह पारले इंडस्ट्रीज में मिठास घोल दी। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा आने वाला सप्ताह।
कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को 77 अंक की बढ़त के साथ 75,315 पर और निफ्टी 6 अंक बढ़कर 23,650 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 114 अंक गिरकर 75201 पर पहुंचा। निफ्टी 32 अंक बढ़कर 23618 पर बंद हुआ। बुधवार को सेंसेक्स 118 अंक की बढ़त के साथ 75,318 पर और निफ्टी 41 अंक की गिरावट के साथ 23,659 पर पहुंच गया।
गुरुवार को शेयर बाजार में फिर गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 135 अंक गिरकर 75183 पर बंद हुआ। निफ्टी क्लोजिंग के समय मात्र 4 अंक बढ़कर 23655 पर था। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स 232 अंक बढ़कर 75415 और निफ्टी 65 अंक बढ़कर 23719 पर जा पहुंचा।
इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल
हार्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड पर दबाव बन रहा है और इसकी कीमतें 100 डॉलर से ऊपर बनी हुई है। डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति, पेट्रोल डीजल पर महंगाई की मार का भी शेयर बाजार पर असर दिखाई दिया।
RBI ने सरकार के लिए खोला खजाना
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आज वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को रिकॉर्ड 2.87 लाख करोड़ रुपए का लाभांश देने की घोषणा की। इस फैसले से पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण बढ़ते आयात बिल और आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के बीच सरकारी खजाने को मजबूत सहारा मिलेगा। इससे सरकार को 3 बड़े फायदे होंगे। पहला यह कि सरकार को उम्मीद से ज्यादा पैसा मिला है, जिससे उसका घाटा कम करने में मदद मिलेगी। दूसरा यह कि हाइवे, रेलवे और डिफेंस जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर बिना नया कर्ज लिए खर्च बढ़ाया जा सकेगा।
मेलोडी से पारलेजी को बड़ा फायदा
पीएम मोदी ने इटली पीएम को गिफ्ट में पारले की मेलोडी देने से कंपनी के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ गई। यह कंपनी शेयर बाजार में लिस्टेड नहीं है। बहरहाल इसका भरपूर फायदा इन्फ्रस्ट्रक्चर और रियल एस्टेट से जुड़ी पारले इंडस्ट्रीज ने उठाया। कंपनी का शेयर लगातार 3 दिन अपर सर्किट में पहुंच गया। इस माइक्रोकैप शेयर की कीमत 16 फीसदी बढ़कर 5.78 रुपए पर पहुंच गई। कंपनी का मार्केट कैप 28.23 करोड़ रुपए हो गया।
कैसा रहेगा अगला हफ्ता
मई का आखिरी कारोबारी हफ्ता भारतीय शेयर बाजार के लिए बेहद महत्वपूर्ण और उतार-चढ़ाव वाला रहने के आसार हैं। अमेरिका और ईरान में तनाव बना हुआ है। सीजफायर खत्म होने के साथ ही युद्ध भड़कने के भी संकेत मिल रहे हैं। विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली ने मार्केट का सेंटिमेंट कमजोर किया है। पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने से देशवासियों पर महंगाई की मार पड़ेगी।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
बाजार विशेषज्ञ सागर अग्रवाल ने कहा कि बाजार में अनिश्चितता का दौर जारी है। पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने से सभी चीजों पर असर आएगा। यह बाजार के लिए नकारात्मक संकेत हैं। सोने चांदी में 1 साल तक खरीदी नहीं करने की अपील से भी निवेशकों में डर है। प्रॉफिट बुकिंग ने स्टेबिलिटी को खत्म कर दिया है। थोड़ी बढ़त के बाद बिकवाली की वजह से बाजार स्थिर नहीं हो पा रहे हैं।
बाजार विशेषज्ञ मनीष अग्रवाल ने कहा कि बाजार फिलहाल ट्रंप की बयानबाजी पर निर्भर नजर आ रहा है। कंपनियों के र्क्वाटरली रिजल्ट से भी उतार चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। अगले हफ्ते भी निफ्टी में 300 से 400 अंकों से ज्यादा के बदलाव की संभावना नहीं है। 22800 पर अच्छ सपोर्ट बना हुआ है। अब निवेशकों की नजर मानसून पर भी लगी हुई है। अगल मानसून अच्छा रहता है तो बाजार में मजबूती आने की संभावना है।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।
लेखक के बारे में
नृपेंद्र गुप्ता
नृपेंद्र गुप्ता पिछले 21 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रिंट एवं डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य का अनुभव। वर्तमान में वेबदुनिया की न्यूज टीम में सहायक संपादक के रूप में कार्यरत हैं।
अनुभव : नृपेंद्र गुप्ता 2 दशक से ज्यादा समय से प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में कार्य....
और पढ़ें