Share Market Review Market ki Baat : अमेरिका इजराइल और ईरान के बीच चल रही भीषण जंग की वजह से इस हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में भारी उतार चढ़ाव दिखाई दिया। 4 दिन वाले कारोबारी हफ्ते में 2 दिन बाजार में भारी बढ़त दिखाई दी तो 2 दिन बाजार क्रेश हो गया। इस हफ्ते सेंसेक्स में 949 अंकों की गिरावट दर्ज की गई जबकि निफ्टी भी 294 अंक गिर गया। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा आने वाला सप्ताह।
कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 1836 अंकों की गिरावट के साथ 72,696 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 602 अंक गिरकर 22,512 पर जा पहुंचा। इसके बाद लगातार 2 दिन बाजार में तेजी रही। मंगलवार को सेंसेक्स 1,372 अंक की तेजी के साथ 74,068 के स्तर पर बंद हुआ।
निफ्टी भी 400 अंक की तेजी के साथ 22,912 के स्तर पर बंद हुआ। बुधवार को सेंसेंक्स 1,205 अंक की तेजी के साथ 75,273 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी भी 394 अंक की तेजी के साथ 23,300 के स्तर जा पहुंचा।
गुरुवार को रामनवमी के अवसर पर बाजार बंद थे। शुक्रवार को एक बार फिर शेयर बाजार क्रेश हो गया। सेंसेक्स 1,690 अंकों की गिरावट के साथ 73,583 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 486 अंक गिरकर 22,820 पर पहुंच गया।
इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल
इस हफ्ते युद्ध से जुड़ी खबरों ने ही शेयर बाजार की दिशा तय की। दुनिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से रुपया दबाव में नजर आया। ट्रंप के बयानों की वजह से 2 दिन शेयर बाजारों में तेजी दिखाई दी। हालांकि इजराइल के ईरान पर हमले और ईरान के इजराइल और खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों पर पलटवार से शेयर बाजार में जमकर मुनाफा वसूली हुई।
इस हफ्ते भी एआईआई ने भारतीय बाजार में बिकवाली की। ब्लू चिप कंपनियों के शेयरों में भी अब गिरावट दिखाई दे रही है। रिलायंस इंडस्ट्री शुक्रवार को 4.60 फीसदी के करीब गिरा। वहीं इंडिगो और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी 4 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई। बीएसई का मार्केट कैपिटलाइजेशन भी घटकर 422 लाख करोड़ रुपए हो चुका है।
कैसा रहेगा अगला हफ्ता
ट्रंप द्वारा 10 दिन ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमले नहीं करने संबंधी बयान को इजराइल ने बेअसर कर दिया है। ईरान की ओर से भी इजराइल और अमेरिकी ठिकानों पर पलटवार ने युद्ध को और तेज कर दिया है। इससे क्रूड के दाम और तेजी से बढ़ने की आशंक है।
ऐसे में आने वाले दिनों में भी शेयर बाजार में बिकवाली की धारणा हावी रह सकती है। बाजार की अस्थिरता का सूचकांक इंडिया VIX करीब 9% बढ़कर 28 पर पहुंच गया। इससे बाजार को निकट भविष्य में बिकवाली के दबाव की उम्मीद है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
शेयर बाजार विशेषज्ञ योगेश बागौरा ने कहा कि शेयर बाजार इन दिनों कमजोर दिखाई दे रही है। न्यूज बेस स्पेकुलेशन ज्यादा है। ट्रंप का बयान आने से पहले ही बाजार में बड़े बड़े सौदे हो जाते हैं। बयान आते ही बाजार मुनाफा वसूली भी हो जाती है।
ईरान युद्ध के दौरान ही 2 बार ऐसा हो चुका है। इससे निवेशकों में निराशा है। विदेश निवेशक लगातार बिकवाली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निफ्टी नीचे में 22,200 से 22,500 के बीच रहने की संभावना है। 23,500 के ऊपर क्लोजिंग आने पर ही बाजार में मजबूती मिलने की संभावना है।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।