ईरान-अमेरिका तनाव से बाजार में हड़कंप: सेंसेक्स 1600 अंक गिरा, क्रूड 100 डॉलर पार
Share Market Crash : ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता फेल होने के बाद एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। स्ट्रेट ऑफ हार्मुज पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका और ईरान आमने सामने है। अमेरिका की ओर से की जा रही नाकेबंदी की तैयारियों से क्रूड के दाम एक बार फिर 100 डॉलर के पार पहुंच गया। इस वजह से शेयर बाजार भी धड़ाम हो गया। आज सुबह शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1600 और निफ्टी 400 से ज्यादा अंक गिर गया।
सुबह 9.20 बजे सेंसेक्स 1,609 अंक की गिरावट के साथ 75,941 पर पहुंच गया जबकि निफ्टी भी 469 अंक गिरकर 23582 पर आ गया। हालांकि बाद में बाजार ने कुछ हद रिकवर करने में सफल रहे। सुबह 10.55 बजे सेंसेक्स 1,027 अंक गिरकर 76,523 पर था तो निफ्टी 203 अंकों की गिरावट के साथ 23,747 पर जा पहुंचा।
सोमवार को बैंकिंग शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली, जिससे बैंक निफ्टी 2% से अधिक गिर गया। पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में भी करीब 3% तक की गिरावट दर्ज की गई।
हार्मुज की नाकेबंदी के अमेरिका के फैसले से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम एक बार फिर 100 डॉलर के पार पहुंच गए। WTI क्रूड 104.3 डॉलर प्रति बैरल हो गया तो ब्रेंट क्रूड के दाम 101.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए। इंडियन बास्केट में कच्चे तेल के दाम 120.3 डॉलर प्रति बैरल है।
वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में आज गिरावट का दौर दिखाई दिया। कच्चे तेल को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच 13 अप्रैल को रुपया 55 पैसे की गिरावट के साथ खुला।
वैश्विक बाजार में भी आज भारी गिरावट दिखाई दे रही है। एशियाई बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट रही। जापान का निक्केई इंडेक्स करीब 0.4% टूट गया। साउथ कोरिया का कोस्पी 1.4% गिरा और ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 लगभग 0.6% फिसलकर कारोबार कर रहा था।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें