1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. Indian stock market witnessed big jump on third trading day of week

Share Bazaar में आई बड़ी तेजी, Sensex 791 अंक उछला, Nifty भी 24000 के पार

Indian stock market witnessed big jump on third trading day of week
Share Market Update News : भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को सुस्ती के साथ शुरुआत हुई, लेकिन घंटेभर के कारोबार के बाद ही अचानक बाजी पलट गई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स तूफानी तेजी के साथ भागते हुए नजर आने लगे। एक दिन की गिरावट के बाद आज शेयर बाजार ने जबरदस्‍त रिकवरी की। कारोबार के अंत में बीएसई का सेंसेक्‍स 791 अंक उछल गया, वहीं एनएसई का निफ्टी 24000 अंक के मनोवैज्ञानिक स्‍तर को पार कर गया।

बीएसई सेंसेक्स 790.54 अंक (+1.04 प्रतिशत) की मजबूत छलांग के साथ 76991.22 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 197.56 अंक (0.83 फीसदी) की बढ़त के साथ 24021.65 पर टिका रहा। इस दौरान निवेशकों को करीब 2 लाख करोड़ रुपए का फायदा मिला। इस बार कच्चे तेल की कम कीमतों और ब्लू-चिप शेयरों (खासकर IT और प्राइवेट बैंकों) में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला।
सेंसेक्‍स के शेयरों में सबसे ज्‍यादा फायदे में इंडिगो, ट्रेंट, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक रहे। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को 17.86 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इससे बाजार के सेंटीमेंट को सहारा मिला। बाजार की इस बुलिश रैली (तेजी) में फाइनेंशियल (वित्तीय) और आईटी सेक्टर के शेयरों ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Oil prices) की कीमतें गिरकर 77 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गई हैं, जो भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक सकारात्मक संकेत है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी (Rate-hike) की चिंताओं को शांत कर दिया है, जिससे बाजार को बड़ी राहत मिली है।
इससे पहले यानी मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में चौतरफा बिकवाली का भारी दबाव देखने को मिला। बाजार में यह गिरावट मुख्य रूप से आईटी शेयरों में आई तेज बिकवाली के कारण हुई। टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो और एचसीएल टेक के शेयरों में सबसे ज्‍यादा गिरावट आई।

कारोबार के अंत में बीएसई का सेंसेक्स 893.39 अंक यानी 1.16 प्रतिशत लुढ़ककर 76200.68 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई का निफ्टी 278.80 अंक यानी 1.16 प्रतिशत टूटकर 23824.10 के स्तर पर आ गया। सबसे ज़्यादा नुकसान इंफोसिस को हुआ जिसमें 3.39 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें