टैरिफ कटौती और ट्रेड डील से शेयर बाजार में बहार, 2500 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी में भी 700 अंक बढ़ा
Share Market rally Trump Tariff reduced : अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा भारत अमेरिका ट्रेड डील के साथ ही टैरिफ घटाकर 18 फीसदी करने के ऐलान से भारतीय शेयर बाजार में बहार आ गई। शुरुआती कारोबारी में सेंसेक्स 2500 से ज्यादा अंक उछल गया तो निफ्टी में भी 700 से ज्यादा अंकों का उछाल देखा गया।
शेयर बाजार के खुलते ही निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उत्साह दिखा। सेंसेक्स आज सुबह खुलते ही 2541 अंकों की बढ़त के साथ 84,208 पर पहुंच गया जबकि निफ्टी भी 764 अंक बढ़कर 25,852 पर पहुंच गया।
माना जा रहा है कि ट्रेड डील और टैरिफ हटने से भारतीय अर्थव्यवस्था को बड़ा बूस्ट मिलेगा। इस वजह से आज सभी सेक्टर हरे निशान में दिखाई दे रहे हैं। टेक्सटाइल, ज्वेलरी, सीफूड और ऑटो कंपोनेट सेक्टर में जबरदस्त उछाल दिखाई दे रहा है।
आज सुबह वायदा कारोबार में सोने चांदी में भी बढ़त दिखाई दी। सुबह 9.45 बजे चांदी 16740 रुपए बढ़कर 2,52,500 रुपए प्रति किलो हो गई। सोना भी 4709 रुपए बढ़कर 1,48,700 रुपए प्रति किलो हो गया।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने का ऐलान किया। दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने साफ कर दिया कि रूस से तेल लेने पर लगी 25 प्रतिशत पेनल्टी भी हटा दी गई है। इस तरह भारत पर अब 50 की जगह मात्र 18 फीसदी टैरिफ ही लगेगा।
edited by : Nrapendra Gupta