गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

सड़क हादसे में हॉकी खिलाड़ी की मौत

सड़क हादसे में हॉकी खिलाड़ी की मौत -
हरियाणा के सोनीपत जिले में जगदीशपुर गाँव में एक सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी अनिल प्रकाश पालीवाल की मौत हो गई और उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया जहाँ उन्हें पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल प्रकाश पालीवाल सोमवार को अपने दो साथियों मंजीत तथा अशोक के साथ स्कूटी पर सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता देखने के लिए राई खेलकूद विद्यालय गया था।

देर शाम को लौटते समय जगदीशपुर के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई जिससे तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर सिर टकराने के कारण अनिल की मौके पर ही मौत हो गई।

राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। गंभीर हालत के चलते उन्हें पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

अनिल कई बार राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुका है। अन्तर विवि हॉकी प्रतियोगिता के साथ पिछले दिनों छत्तीसगढ़ में आयोजित हुई राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में भी राज्य की टीम का हिस्सा था। (भाषा)