गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. This haryanvi girl made Sakshi Malik bite dust
Written By
Last Updated : शनिवार, 30 जनवरी 2021 (19:35 IST)

हरियाणा की इस लड़की ने कुश्ती में साक्षी मलिक को हराकर किया उलटफेर

हरियाणा की इस लड़की ने कुश्ती में साक्षी मलिक को हराकर किया उलटफेर - This haryanvi girl made Sakshi Malik bite dust
आगरा:हरियाणा की सोनम ने एक बड़ा उलटफेर करते हुए ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता पहलवान रेलवे की साक्षी मलिक को टाटा 23वीं सीनियर महिला राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शनिवार को 62 किग्रा वर्ग में हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया।
 
प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने किया। प्रतियोगिता में सभी निगाहें स्टार पहलवान साक्षी पर टिकी हुई थीं। साक्षी फ़ाइनल तक तो पहुंचीं लेकिन सोनम ने उन्हें पराजित कर दिया। सोनम को स्वर्ण और साक्षी को रजत मिला। इस वजन वर्ग में मध्य प्रदेश की पुष्पा और हरियाणा की मनीषा को कांस्य पदक मिला।
 
रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली साक्षी को अभी तक ओलम्पिक कोटा नहीं मिला है। इस साल जुलाई अगस्त में होने वाले टोक्यो ओलम्पिक के लिए अब तक सिर्फ एक महिला पहलवान विनेश फोगाट ने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक की बदौलत टोक्यो ओलम्पिक का कोटा हासिल किया है। भारतीय पहलवानों को आगामी महीनों में कोटा हासिल करने के दो मौके मिलेंगे।
 
दिन के अन्य मुकाबलों में हरियाणा की मीनाक्षी ने अपने ही राज्य की हैनी कुमारी को 50 किग्रा में हराकर स्वर्ण पदक जीता। हैनी को रजत मिला। महाराष्ट्र की श्वाति शिंदे और दिल्ली की कीर्ति के हिस्से में कांस्य पदक आये।55 किग्रा में हरियाणा की अंजू ने स्वर्ण और दिल्ली की बंटी ने रजत जीता। फाइनल में अंजू ने बंटी को हराया। यूपी की इंदू तोमर और दिल्ली की सुषमा शौक़ीन ने कांस्य जीता।
 
57 किग्रा में हरियाणा की अंशु ने स्वर्ण, रेलवे की ललिता ने रजत तथा मध्य प्रदेश की रमन यादव और हरियाणा की मानसी ने कांस्य पदक जीता।72 किग्रा में रेलवे की पिंकी ने स्वर्ण, हरियाणा की नैना ने रजत तथा यूपी की प्रियंका और रेलवे की कविता ने कांस्य पदक जीता।प्रतियोगिता में रविवार को 53, 59, 65, 68 और 76 किग्रा के मुकाबले होंगे।(वार्ता)
ये भी पढ़ें
32 वर्षीय बीसीसीआई सचिव जय शाह बने एशियाई क्रिकेट परिषद के सबसे युवा अध्यक्ष