1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Sachin Tendulkar gifts number ten jersey to Lionel Messi
Written By WD Sports Desk
Last Modified: रविवार, 14 दिसंबर 2025 (20:47 IST)

सचिन ने मेस्सी को वानखेड़े स्टेडियम में भेंट की विश्व विजेता जर्सी नंबर 10 (Video)

sachin tendulkar
प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर की एक साथ मेजबानी कर भारतीय खेल इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया।

मेस्सी ने चार शहरों के अपने ‘जीओएटी’ भारत दौरे के तीसरे पड़ाव पर वानखेड़े में एक घंटा बिताया। उन्होंने युवा फुटबॉल खिलाड़ियों, महान क्रिकेटर तेंदुलकर, भारतीय फुटबॉल के दिग्गज सुनील छेत्री और मनोरंजन जगत की हस्तियों से बातचीत की।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मौके पर ‘प्रोजेक्ट महादेवा’ की भी घोषणा की, जिसका उद्देश्य राज्य भर में युवा फुटबॉल खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें विकसित करना है।पूरे कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की भीड़ ‘मेस्सी… मेस्सी’ के नारे लगाती रही।

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने रविवार को अर्जेंटीना के फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेस्सी के मुंबई दौरे को शहर और देश के लिए एक सुनहरा पल बताया।

तेंदुलकर ने इसी मैदान पर 2011 क्रिकेट विश्व कप की जीत की तुलना मेस्सी के दौरे से की जो अपने इंटर मियामी टीम के साथी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डि पॉल के साथ पहुंचे।तेंदुलकर ने भारत की वनडे विश्व कप जीत का जिक्र करते हुए यह बात कही जिसमें उन्होंने बड़ी भूमिका अदा की थी।
 ⁠

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने यहां कुछ अविश्वसनीय पल बिताए हैं। जैसा कि हम कहते हैं, मुंबई सपनों का शहर है। और इस जगह पर कई सपने पूरे हुए हैं। और आपके समर्थन के बिना, हम 2011 में इस मैदान पर उन सुनहरे पलों को कभी नहीं देख पाते। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘और आज, इन तीन महान हस्तियों का यहां होना वाकई मुंबई, मुंबईवासियों और भारत के लिए एक सुनहरा पल है। जिस तरह से आपने खेल के इन तीनों महान खिलाड़ियों का स्वागत किया है, वह सच में कमाल का है। ’’

मेस्सी के बारे में बात करते हुए तेंदुलकर ने कहा, ‘‘जहां तक ‘लियो’ (मेस्सी) की बात है तो अगर मुझे उनके खेल के बारे में बात करनी है तो यह सही मंच नहीं होगा। और आप जानते हैं, उनके बारे में कोई क्या बात करे? उन्होंने सब कुछ हासिल कर लिया है। हम सच में उनकी लगन, दृढ़ संकल्प, प्रतिबद्धता की तारीफ करते हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘और सबसे बढ़कर उनकी विनम्रता की, वह जिस तरह के इंसान हैं। और मुंबईवासियों और भारतीयों की ओर से, मैं उन्हें और उनके परिवार को अच्छे स्वास्थ्य और आप सभी को खुशी की शुभकामनाएं देना चाहता हूं। यहां आने और युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक बार फिर धन्यवाद। ’’
तेंदुलकर ने यह भी उम्मीद जताई कि ‘भारत भी उस ऊंचाई तक पहुंचेगा जिसकी हम सभी (फुटबॉल में) ख्वाहिश रखते हैं।’तेंदुलकर ने मेस्सी को अपने हस्ताक्षर की हुई 10 नंबर की जर्सी भेंट की।अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान मेस्सी ने बदले में एक फुटबॉल भेंट की।

मेस्सी दोपहर विश्व कप स्तर की सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुंबई पहुंचे जो उनके चार शहरों के जीओएटी भारत दौरे 2025 का दूसरा दिन था।वह सोमवार को नयी दिल्ली में अपना दौरा खत्म करेंगे जहां वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलेंगे।
ये भी पढ़ें
7 विकेट से दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारत ने सीरीज मे ली 2-1 की बढ़त