मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Narendra Batra
Written By
Last Updated : रविवार, 6 मई 2018 (17:57 IST)

2028 ओलंपिक में 40 पदक जीतने का लक्ष्य : बत्रा

2028 ओलंपिक में 40 पदक जीतने का लक्ष्य : बत्रा - Narendra Batra
नई दिल्ली। भारत को 2016 के रियो ओलंपिक में किसी तरह 2 पदक हासिल हुए हों लेकिन भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र ध्रुव बत्रा ने 2028 के ओलंपिक में 40 पदक जीतने का लक्ष्य रखा है।
 
 
बत्रा ने यहां एक कार्यक्रम में कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के शानदार प्रदर्शन के बाद अब हमें अगस्त में होने वाले एशियाई खेलों से काफी उम्मीदें हैं। हमारा पूरा ध्यान 2020 और 2024 के ओलंपिक खेलों पर लगा हुआ है। लेकिन इसके लिए हमें सभी खेल महासंघों के समर्थन और सरकार के सहयोग की जरूरत होगी। 
 
आईओए के अध्यक्ष ने कहा कि हम खिलाड़ियों को धन और सुविधाओं की कोई कमी नहीं होने देंगे। हमारा 2020 के टोकियो ओलंपिक में दोहरी संख्या में पदक जीतने का लक्ष्य है। इसके साथ ही हमने 2024 के ओलंपिक में 25 पदक और 2028 के ओलंपिक में 40 पदक जीतने का लक्ष्य रखा है। हम 2032 के ओलंपिक की मेजबानी की भी दावेदारी करने जा रहे हैं।
 
उल्लेखनीय है कि भारत ने 2012 के लंदन ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 6 पदक जीते थे जिसके बाद ये दावे किए गए थे कि भारत 2016 के रियो ओलंपिक में दहाई की संख्या में पदक जीतेगा लेकिन भारत को उसके 118 सदस्यीय दल ने सिर्फ 2 पदक दिलाए थे जिसमें बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का रजत और महिला पहलवान साक्षी मालिक का कांस्य पदक शामिल था। 
 
भारत ने पिछले महीने में गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में 26 स्वर्ण सहित 66 पदक जीतकर अपना तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
मुंबई इंडियन्स की कोलकाता पर 13 रनों से सनसनीखेज जीत