साल मार्च 2026 में पहले कॉमनवेल्थ खो खो चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा भारत
भारत की मेजबानी में अगले साल नौ से 14 मार्च तक पहली कॉमनवेल्थ खो खो चैंपियनशिप खेली जायेगी। इस चैंपियनशिप में 24 से अधिक कॉमनवेल्थ देशों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट ने भारत में 2026 कॉमनवेल्थ खो खो चैंपियनशिप के आयोजन को मंजूरी दी है। इस चैंपियनशिप में पांच महाद्वीपों यूरोप, अफ्रीका, एशिया, ओशिनिया और अमेरिका हिस्सा लेंगे।
इस साल जनवरी में नयी दिल्ली में हुए पहले खो खो वर्ल्ड कप में छह महाद्वीपों के 23 देशों (20 पुरुष टीमें और 19 महिला टीमें) ने हिस्सा लिया था। यह भारत में होने वाली पहली कॉमनवेल्थ खो खो प्रतियोगिता है। चैंपियनशिप में 16 पुरुष और 16 महिला टीमें होंगी, और यह पहले खो खो वर्ल्ड कप की तरह ही दोनों कैटेगरी में एक साथ आयोजित किया जायेगा।
खो खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव उपकार सिंह विर्क ने कहा, “हम वेन्यू को फाइनल करने के लिए कई राज्यों से बात कर रहे हैं। अहमदाबाद में 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले, हमें उम्मीद है कि यह चैंपियनशिप दोहा एशियन गेम्स (2030), कॉमनवेल्थ गेम्स (2030) और ब्रिस्बेन ओलंपिक्स (2032) में खो खो को शामिल करने की दिशा में एक कदम साबित होगी।”