1. समाचार
  2. शेयर बाजार
  3. समाचार
  4. Stock Market Closing Bell Sensex jumps 595 pts Nifty above 25,200
Last Modified: मुंबई , मंगलवार, 16 सितम्बर 2025 (17:43 IST)

Stock Market : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की बातचीत से शेयर बाजार में बम-बम, सेंसेक्स में 595 अंकों की तेजी,

Stock market
स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स करीब 595 अंक चढ़ गया जबकि एनएसई निफ्टी में 170 अंक की बढ़त दर्ज की गई। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बातचीत के सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद में बाजार चढ़ा है। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 594.95 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,380.69 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 657.74 अंक तक चढ़ गया था। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 169.90 अंक यानी 0.68 प्रतिशत चढ़कर 25,239.10 अंक पर बंद हुआ।
 
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि भारत और अमेरिका के मुख्य वार्ताकारों ने प्रस्तावित व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत शुरू कर दी है। अमेरिका के भारी शुल्क से निर्यातकों के लिए अनिश्चितता पैदा हुई है।
 
इस सप्ताह होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक से पहले एशियाई और अमेरिकी बाजारों में तेजी रही जिसका सकारात्मक असर घरेलू बाजार पर पड़ा।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, भारती एयरटेल और टाटा स्टील प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स और बजाज फाइनेंस शामिल हैं।
आगामी अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत निर्णय में प्रमुख ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत कटौती की उम्मीद और भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता फिर से शुरू होने को लेकर नई उम्मीद बंधने और अनुकूल वैश्विक संकेतों से घरेलू बाजार में सुधार का रुख रहा।
 
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘नई जीएसटी दरों के लागू होने और त्योहारों के दौरान मांग की उम्मीद से वाहन और टिकाऊ उपभोक्ता सामान क्षेत्र के शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया।’’
 
एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट सकारात्मक दायरे में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.55 प्रतिशत टूटकर 67.07 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,268.59 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे। सेंसेक्स सोमवार को 118.96 अंक नुकसान में रहा था जबकि निफ्टी में 44.80 अंक की गिरावट आई थी। एजेंसियां   Edited by : Sudhir Sharma 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
Indore truck accident: इंदौर ट्रक हादसे के बाद लोगों ने सुनाई खौफनाक मंजर की दास्‍तां