शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. धर्म-दर्शन
  3. आलेख
  4. ADHYATMIK
Written By
Last Updated : शनिवार, 14 मार्च 2015 (12:37 IST)

आध्यात्मिक आनंद पाने के 10 पासवर्ड

आध्यात्मिक आनंद पाने के 10 पासवर्ड - ADHYATMIK
जीवन में छोटी-छोटी सी बातों से आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया जा सकता है। मगर क्या हैं वे बातें? यही बता रहे हैं संत श्री चंद्रप्रभ जी। 

1. जीवन में तीन H को हमेशा पवित्र रखिए - Head, Hand और Heart.  हैड में रखिए -निर्मल विचार, हैंड में रखिए - ईमानदारी और हार्ट में रखिए - करुणा और प्यार।
 
2. संसार के ATM से प्रेम, शांति और आनंद का धन निकालना है तो Password है - ध्यान और प्रार्थना। ध्यान आपको खुद से जोड़ेगा और प्रार्थना आपको परमात्मा से।

3. उस स्वर्ग को पाने के लिए धर्म की पनाह मत लीजिए, जो मरने के बाद हमें कहीं और स्वर्ग दिखाए बल्कि धर्म को जीवन में इसलिए अख्तियार कीजिए कि हमारी खुद की धरती स्वर्ग बने।
 
4. जीवन के 60 साल की उम्र तक तरक्की के लिए हर क्षेत्र में And का इस्तेमाल कीजिए, पर साठ के बाद End का इस्तेमाल करते हुए स्वयं को मुक्ति की ओर ले जाएं। 

5. महीने में चाहे एक बार ही सही, संतजनों की संगत अवश्य कीजिए। संतों की संगत उस इत्र की तरह होती है जिसे भले ही बदन पर न लगाएँ तब भी उसकी महक से दिल अवश्य ही आनंदित होता है।
 
6. आपसे कोई धर्म-कर्म नहीं होता, तो कोई बात नहीं, आप कभी किसी की निंदा मत कीजिए, केवल इस एक पुण्य के कारण आपका मरने के बाद देवलोक का इन्द्र बनना तय है।

7. सोने से पहले आप किसी की एक गलती को माफ करने का बड़प्पन दिखाइए, भगवान आपके जगने से पहले आपकी 100 गलतियों को माफ करने की उदारता अवश्य दिखाएंगे।
 
8. आप सच बोलिए। सच बोलने से आज भले ही खतरा हो, पर सत्य एक दिन आपके सम्मान और विश्वास को पहले से सौ गुना अधिक मजबूती से लौटा लाएगा।

9. कोई गाली दे तो आप स्माइल दीजिए, कोई गंदगी करे तो आप सफाई कीजिए। आपके व्यवहार से उसे शर्म महसूस होगी, आपकी अहिंसा उसे सत्य-पथ पर ले आएगी।
 
10. आँखें बंद करके साँस की गति को धीमी करते हुए दिमाग में चलने वाली तरंगों को शांत करने का अभ्यास जिए। मात्र 21 दिन में आप शांति और सहज आनंद के साम्राज्य में प्रवेश पा लेंगे।