गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा
Last Modified: मुंबई (भाषा) , सोमवार, 29 दिसंबर 2008 (22:27 IST)

मुंबई में इस बार नहीं होंगी बोट पार्टियाँ

मुंबई में इस बार नहीं होंगी बोट पार्टियाँ -
जो लोग इस बार मुंबई के समुद्र में बोट पार्टियाँ मनाने की सोच रहे हैं, उन्हें किसी और तरह नववर्ष मनाना पड़ सकता है क्योंकि मुंबई पुलिस इस बार इस तरह की पार्टियों पर रोक लगाने का विचार कर रही है।

पुलिस ने महिलाओं और परिवारों के साथ जश्न मनाने वाले लोगों को यह सलाह भी दी है कि वे सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ में जाने से बचें।

मुंबई पुलिस इस बार इसी तरह के कुछ इंतजाम कर सकती है, जिससे शांतिपूर्ण आयोजन हो सकें। इसके लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) केएल प्रसाद ने कहा कि पिछले साल की तुलना में सार्वजनिक भीड़भाड़ वाली जगहों पर बड़ी संख्या में पुलिस की मौजूदगी देखी जा सकती है, जहाँ लोग नया साल मनाएँगे। हम इस बात के लिए पूरी तरह तैयार हैं कि इस दौरान कुछ भी गलत न हो।

मुंबई आतंकी हमलों के मद्देनजर पुलिस ने लोगों से बोट पार्टियाँ और खासतौर पर दक्षिण मुंबई में इस तरह की पार्टियों से बचने की भी सलाह दी है।

प्रसाद ने कहा हम विचार कर रहे हैं कि बोट पार्टियों की इजाजत नहीं दी जाए। हालाँकि इस संबंध में फैसला अभी लिया जाना शेष है। उन्होंने कहा कि पुलिस सादे कपड़ों में लोगों के बीच रहेगी और शांति में खलल डालने की कोशिश करने वालों पर नजर रखेगी।