गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
Written By भाषा
Last Modified: देहरादून , सोमवार, 25 अगस्त 2014 (17:48 IST)

जांबाज महिला ने तेंदुए को मार गिराया!

जांबाज महिला ने तेंदुए को मार गिराया! -
FILE
देहरादून। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक जांबाज महिला ने अपने ऊपर हमला करने वाले तेंदुए के साथ संघर्ष कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हालांकि इस घटना में वह खुद भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

जिले के उप प्रभागीय वन अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि जखोली क्षेत्र के सेम कोटी गांव में एक महिला का तेंदुए से संघर्ष होने और उसके मारे जाने की सूचना मिली है।

रविवार को 56 वर्षीया कमला नेगी अपने खेतों में पानी दे रही थीं कि तभी पास की झाड़ियों में घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।

अचानक हुए इस हमले के बावजूद कमला ने हिम्मत नहीं हारी और अपने पास मौजूद दरांती और कुदाल से तेंदुए पर वार करने शुरू कर दिए।

शोर सुनकर ग्रामीणों के मदद के लिए आने से पहले करीब 10 मिनट तक चले संघर्ष में कमला ने तेंदुए को मार गिराया। हालांकि इसमें वह खुद भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

बाद में कमला को निकटवर्ती श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। कमला के मुंह और हाथ पर गंभीर घावों के निशान हैं।

उधर वन अधिकारी ने बताया कि विभाग की एक टीम को मौके पर भेजा गया है, जो घटना के कारणों का पता लगाएगी। (भाषा)