मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. प्रादेशिक
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 20 दिसंबर 2012 (22:34 IST)

चंद्रकांत देवताले को साहित्य अकादमी पुरस्कार

चंद्रकांत देवताले को साहित्य अकादमी पुरस्कार -
हिन्दी के कवि चंद्रकांत देवताले सहित 24 लेखकों को साहित्य अकादमी के वर्ष 2012 के अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही 20 भाषाओं के लिए युवा पुरस्कार और 24 पुस्तकों के अनुवाद पुरस्कार की भी घोषणा की गई।

यहां गुरुवार को साहित्य अकादमी के कार्यकारी अध्यक्ष विश्वनाथ तिवारी और कार्यकारी सचिव केएस राव ने संवाददाता सम्मेलन में बताया, हिन्दी में चंद्रकांत देवताले को उनके कविता संग्रह ‘पत्थर फेंक रहा हूं’ के अकादमी पुरस्कार के लिए चुना गया।

इसके अलावा 11 कवियों जीत थाइल (अंग्रेजी), दर्शन बुट्टर (पंजाबी), आईदान भाटी (राजस्थानी), कृष्ण कुमार तूर (उर्दू), रामजी ठक्कर (संस्कृत), गुणेश्वर मोसाहारी (बोडो), बालकृष्ण भौरा (डोगरी), एचएस शिवप्रकाश (कन्नड़), माखनलाल कंवल (कश्मीरी), काशीनाथ शांबा लोलयेंकार (कोंकणी) और के. सच्चिदानंदन (मलयालम) के काव्य संग्रह को पुरस्कृत किया गया।

उन्होंने बताया कि चार उपन्यासकार चंदना गोस्वामी (असमिया), सुब्रत मुखोपाध्याय (बांग्ला), जोध छी सनसन (मणिपुरी) और डी. सेल्वराज (तमिल) को अकादमी पुरस्कार के लिए चुना गया। चंद्रकांत टोपीवाला (गुजराती) की समालोचनात्मक कृति और शैफालिका वर्मा (मैथिली) को आत्मकथा के लिए पुरस्कृत किया गया।

जयंत पवार (मराठी), उदय थुलुड (नेपाली), गौरहरि दास (ओडिया), गंगाधर हांसदा (संथाली), इंद्रा वासवानी (सिन्धी) और पी. सुब्बारामय्या (तेलुगू) को उनके कहानी संग्रह के लिए पुरस्कृत किया गया।

यह पुरस्कार एक जनवरी 2008 से 31 दिसंबर, 2010 के दौरान पहली बार प्रकाशित पुस्तकों को दिया गया है। अगले साल 18 फरवरी को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार के रूप में उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और एक लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। (भाषा)