Vinesh Phogat : बृजभूषण के कॉलेज में खेलना मानसिक रूप से बेहद कठिन, विनेश फोगाट का बड़ा बयान
हरियाणा की दिग्गज महिला पहलवान विनेश फोगाट आज रामलला की नगरी अयोध्या पहुंचीं, जहां उन्होंने रामलला और हनुमंत लला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह गोंडा के नंदिनी नगर में आयोजित नेशनल ओपन रेसलिंग रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने रवाना हुईं।
अयोध्या में मीडिया से बातचीत करते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि वह गोंडा जा रही हैं, जहां उनका वेरिफिकेशन होना है। उन्होंने कहा, “प्रभु राम ने आशीर्वाद देने के लिए बुलाया है। रामलला का आशीर्वाद लेकर मैं नंदिनी नगर जाऊंगी” आगे प्रभु की जो इच्छा होगी।
अपने ऊपर लगे प्रतिबंध को लेकर पूछे गए सवाल पर विनेश ने कहा, “देखा जाएगा, खेलती हूं कि नहीं खेलती हूं।” वहीं सोशल मीडिया पर उनके शायरी अंदाज में किए गए पोस्ट को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हो रहा है, वह सबक पब्लिक डोमेन में आ गया है और वह लगातार मेहनत कर रही हैं।
विनेश ने प्रभु पर विश्वास रखते हुए कहा कि रामलला की नगरी में आने वाले सभी भक्तों की मनोकामना पूरी होती है, इसलिए उनकी भी भगवान सुनेगा, आशीर्वाद मिलेगा और वह देश के लिए पदक जीतना चाहती हैं। कारण बताओ नोटिस के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका मिला है और वह जवाब देंगी।
गौरतलब है कि भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 2023 में छह महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उनमें से एक विनेश फोगाट भी है और उन्होंने ब्रजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी थी, अब बृजभूषण से जुड़े उसी के कॉलेज में यह प्रतियोगिता का हिस्सा बनने जा रही है। इस पर विनेश ने कहा कि वहां जाकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेना उनके लिए मानसिक रूप से काफी कठिन है और दबाव भी, लेकिन खिलाड़ी को वहीं जाना पड़ता है जहां मुकाबले आयोजित होते हैं, यह सब तो सरकार को देखना चाहिए। फिलहाल इस समय उनका पूरा फोकस खेल पर है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
हिमा अग्रवाल