1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. vijay astrologer radhan pandit vettrivel appointed osd after tvk election victory
Last Updated : मंगलवार, 12 मई 2026 (23:09 IST)

TVK की जीत की भविष्यवाणी करने वाले CM विजय के ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रीवेल कौन हैं, जिन्हें बनाया गया मुख्यमंत्री का OSD?

Vijay astrologer Vettrivel
तमिलनाडु में TVK की जीत की भविष्यवाणी करने वाले अभिनेता और वर्तमान मुख्यमंत्री विजय के ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रीवेल को अब मुख्यमंत्री के राजनीतिक मामलों के विशेष कार्याधिकारी (Officer on Special Duty-Political) के रूप में नियुक्त किया गया है। कई बड़े राजनीतिक नेताओं से करीबी संबंध और अहम फैसलों में उनकी भूमिका के कारण वेट्रीवेल एक बार फिर सुर्खियों में हैं।  राधन पंडित वेट्रीवेल को विजय का निजी ज्योतिषी और आध्यात्मिक सलाहकार माना जाता है। अपने LinkedIn प्रोफाइल में राधन ने खुद को 'पॉलिटिकल और सेलिब्रिटी एस्ट्रोलॉजर' बताया है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि वे पूर्व मुख्यमंत्री जे. जय‍ललिता और भाजपा नेता एलके आडवाणी के पसंदीदा ज्योतिषी रह चुके हैं।
विधानसभा चुनाव से काफी पहले वेट्रीवेल ने विजय की कुंडली देखने के बाद कहा था कि राजनीति में उनके पास 'सुनामी जैसी ताकत' है। तमिलनाडु के प्रमुख आध्यात्मिक गुरुओं में गिने जाने वाले वेट्रीवेल ने विधानसभा चुनाव से काफी पहले ही विजय की जीत की भविष्यवाणी कर दी थी। सिर्फ विजय ही नहीं, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता समेत कई बड़े नेता भी वेट्रीवेल से सलाह लेने पहुंचते रहे हैं। हालांकि TVK की जीत के बाद विजय को बधाई देने वालों में वेट्रीवेल सबसे पहले पहुंचे थे।
 

वेट्रीवेल ने ही निकाला था शुभ मुहूर्त

तमिलनाडु के राज्यपाल द्वारा कई बार सरकार गठन के दावे को खारिज किए जाने के बाद आखिरकार विजय को सरकार बनाने की मंजूरी मिली। शुरुआत में विजय का शपथ ग्रहण समारोह 10 मई को दोपहर 3.45 बजे तय किया गया था, लेकिन बाद में उनके निजी ज्योतिषी राधन पंडित वेट्रीवेल की सलाह पर इसे सुबह 10 बजे कर दिया गया। वेट्रीवेल ने इसे शुभ मुहूर्त बताया था। बताया जा रहा है कि विजय की राजनीतिक यात्रा के हर अहम पड़ाव पर वेट्रीवेल ने मार्गदर्शन किया।
 
अब विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद वेट्रीवेल की राजनीतिक हैसियत भी बढ़ गई है। मंगलवार को उन्हें तमिलनाडु सरकार में मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (राजनीतिक) पद पर नियुक्त किया गया।
 
 करीब चार दशक से ज्योतिष के क्षेत्र में सक्रिय वेट्रीवेल ने कई बड़े राजनीतिक नेताओं के भविष्य को लेकर भविष्यवाणियां की हैं। हालांकि उन्होंने अपने राजनीति में आने की संभावना देखी थी या नहीं, यह अब तक साफ नहीं है। तमिलनाडु की राजनीति पर नजर रखने वाले जानकारों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता भी कई बड़े फैसले वेट्रीवेल से सलाह लेने के बाद ही करती थीं। वेट्रीवेल सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को ज्योतिषीय सलाह देते हैं।  Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
तमिलनाडु में CM विजय का बड़ा एक्शन, 717 शराब दुकानें होंगी बंद, जानिए क्‍यों लिया यह फैसला?