1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. tmc-crisis-20-mps-revolt-kalyan-banerjee-attacks-rebel-mps-mamata-banerjee

TMC में बगावत पर कल्याण बनर्जी का बड़ा बयान, कीर्ति आजाद ने बागियों को बताया गद्दार

kalyaan banerjee
West Bengal TMC Politics : पश्चिम बंगाल में विधायकों के बाद 20 सांसदों ने भी ममता बनर्जी को बड़ा झटका दिया है। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी और कीर्ति आजाद ने बागी सांसदों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि वे सत्ता के लिए ममता को छोड़ गए। 
 
पार्टी में बगावत पर TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि आपके (भाजपा) पास CM, ED, CBI और दूसरी ताकतें हैं, लेकिन मेरे पास 'मां, माटी, मानुष', मेरी पार्टी, मेरे पार्टी कार्यकर्ता और पश्चिम बंगाल की जनता है। उन्होंने कहा कि बागी सांसद सत्ता के बिना नहीं रह सकते हैं, उनको बंगला, गाड़ी और सुरक्षा चाहिए, इसलिए यह सब कर रहे हैं। काकोली ग्रुप ने अपना लीडर ममता बनर्जी से बदलकर नरेंद्र मोदी को बना लिया है। भाजपा इन सांसदों को अपनी पार्टी में शामिल नहीं करेगी।
 

कीर्ति आजाद ने उठाए सवाल

कीर्ति आजाद ने बागी सांसदों को गद्दार करार देते हुए उनकी राजनीतिक नैतिकता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बागी सांसदों ने पार्टी के प्रति वफादारी नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि टीएमसी से बगावत करने वाले गद्दार हैं। वे सत्ता के बगैर नहीं रह सकते। गद्दारों को जाना है तो जाए, वे टीएमसी का नाम ना लें। उन्होंने कहा कि शुखेन्दु शेखर रॉय में कम से कम इतनी राजनीतिक नैतिकता तो थी कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया। अगर आप में भी राजनीतिक नैतिकता है तो आप सब भी इस्तीफा दे दें और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ें।
 

मामले पर क्या बोले संजय राउत?

लोकसभा स्पीकर को 20 TMC सांसदों के लिखे पत्र पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि अगर किसी को बेईमानी और धोखेबाज़ी की बीमारी लग जाए, तो वे कुछ भी कर सकते हैं। हमने महाराष्ट्र में ऐसा देखा है। अगर इन लोगों ने ममता बनर्जी को धोखा देने का मन बना लिया है तो आप उन्हें रोक नहीं सकते। उन्हें चुनौती देनी चाहिए: जो रहना चाहते हैं, रहें; जो जाना चाहते हैं, चले जाएं। हमने भी ऐसा ही किया था।
 

कल्याण बनर्जी चीफ व्हिप

तृणमूल कांग्रेस में टूट के बीच ममता बनर्जी ने मंगलवार को सांसद कल्याण बनर्जी को लोकसभा में पार्टी का चीफ व्हिप नियुक्त किया। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को लेटर लिखकर कहा कि इसे तत्काल प्रभाव से लागू जाए।
 
गौरतलब है कि TMC के लोकसभा में 28 सांसदों में से 20 ने एक दिन पहले बगावत के बाद ममता का साथ छोड़ दिया था। उन्होंने NDA सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है। इन लोगों ने सांसद काकोली घोष दस्तीदार को अपना चीफ व्हिप चुना था। काकोली ने 27 मई को टीएमसी छोड़ दी है, लेकिन सांसद पद से इस्तीफा नहीं दिया था।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें