बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. spice jet plane landing fails 3 times
Written By
Last Modified: रविवार, 21 मार्च 2021 (12:24 IST)

आसमान में चक्कर लगाता रहा विमान, 3 प्रयासों के बाद भी नहीं कर सका लैंडिंग, रोने लगे यात्री

आसमान में चक्कर लगाता रहा विमान, 3 प्रयासों के बाद भी नहीं कर सका लैंडिंग, रोने लगे यात्री - spice jet plane landing fails 3 times
जैसलमेर। गुजरात के अहमदाबाद से उड़कर राजस्थान के सीमांत जैसलमेर आने वाला स्पाईस जेट का विमान शुक्रवार को तकनीकी कारणों से अपने नियत समय पर नहीं उतर पाया। पायलट के तीन बार के प्रयास के बावजूद भी विमान के हवाई अड्डे पर नहीं उतर पाने एवं विमान के करीब एक घंटा तक हवा में रहने से यात्री घबरा गए और कुछ यात्री रोने लग गए। 
 
बाद में विमान को वापस अहमदाबाद ले जाया गया तथा वहां पर सुरक्षित उतर जाने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। करीब दो घंटे बाद विमान को दूसरे पायलटों के जरिए जैसलमेर भिजवाया गया।
 
विमान में मौजूद यात्री मयंक भाटिया ने बताया कि एक घंटे के प्रयास में भी जब विमान जैसलमेर हवाई अड्डे पर उतरने में सफल नहीं हुआ तो विमान में बैठे यात्रियों में कुछ महिला यात्री रोने लग गई। सभी ने उन्हें संबल बंधाते हुए उनका हौंसला बढ़ाया।
 
उन्होंने बताया कि वापस अहमदाबाद पहुंचने के बाद विमान सायं करीब साढे़ चार बजे पुनः जैसलमेर के लिए रवाना हुआ और हम सुरक्षित जैसलमेर पहुंच गए।
 
जैसलमेर हवाई अड्डा प्राधिकरण निदेशक बी एस मीणा ने बताया कि तकनीकी कारणों से अहमदाबाद से जैसलमेर आने वाली विमान सेवा अपने नियत समय दोपहर एक बजे हवाई अड्डे पर नहीं उतर पाई। इसके बाद विमान को वापस अहमदाबाद ले जाया गया और दुबारा जैसलमेर पहुंचने पर शाम 5 बजकर पन्द्रह मिनट पर जैसलमेर हवाई अड्डे पर उतर सका। (वार्ता) 
 
ये भी पढ़ें
UP में पुलिस वालों पर हमला मामले में 13 नामजद आरोपियों में से 4 गिरफ्तार